अमरोहा में सड़क हादसे में चार लोगों की मौत: दो गंभीर घायल, मरने वालों में तीन पश्चिम बंगाल के निवासी

अमरोहा जिले में मंगलवार देर रात दिल्ली-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग-9 पर हुए दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। दुर्घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा गजरौला थाना क्षेत्र के खियालीपुर ढाल के पास हुआ। एक तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसके परखच्चे दूर-दूर तक बिखर गए। हादसे के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लंबा जाम लग गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंचकर पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना के समय कार बेहद तेज गति में थी। शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि चालक को नींद की झपकी आ गई थी, जिसके चलते वाहन अनियंत्रित होकर आगे चल रहे अज्ञात ट्रक से जा टकराया। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और अंदर बैठे लोग बुरी तरह फंस गए। मौके पर पहुंचे लोगों ने घायलों और मृतकों को बाहर निकालने की कोशिश की। कार की हालत देखकर रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
सीसीटीवी फुटेज चेक कर रही पुलिस
हादसे में कार सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। मृतकों में तीन लोग पश्चिम बंगाल के निवासी बताए जा रहे हैं, जबकि एक व्यक्ति उत्तर प्रदेश के बरेली जिले का रहने वाला था। पुलिस ने मृतकों की पहचान और उनके परिजनों को सूचना देने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस अब हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक कर रही है। जिससे फरार वाहन और उसके चालक की पहचान की जा सके। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के पीछे ओवरस्पीडिंग और चालक की लापरवाही प्रमुख कारण हो सकते हैं। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
भीषण हादसे के बाद दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर लंबा ट्रैफिक जाम लग गया। दुर्घटनाग्रस्त कार सड़क के बीचोंबीच फंसी होने के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त कार को हटवाया, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। इस दौरान यात्रियों को कई किलोमीटर लंबे जाम का सामना करना पड़ा।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। हादसे ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर तेज रफ्तार और थकान के बीच ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है। स्थानीय प्रशासन ने वाहन चालकों से लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सतर्क रहने और पर्याप्त आराम के बाद ही ड्राइविंग करने की अपील की है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें
