दुबई से लौटा पति, पत्नी ने साथ रहने से किया इनकार: बरेली के युवक से संबंध का आरोप, धमकियों के बाद एफआईआर दर्ज

जिले में पारिवारिक रिश्तों से जुड़ा एक संवेदनशील मामला सामने आया है। विदेश से लौटे एक युवक ने अपनी पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से संबंध होने का आरोप लगाया है। युवक पिछले दो वर्षों से दुबई में रहकर नौकरी कर रहा था। परिवार की आर्थिक जिम्मेदारियां निभाने के लिए नियमित रूप से घर पैसे भेजता था। लेकिन जब वह दो महीने पहले वापस लौटा, तो उसके वैवाहिक जीवन में बड़ा बदलाव देखने को मिला। युवक का आरोप है कि उसकी पत्नी ने साफ शब्दों में उसके साथ रहने से इनकार कर दिया है। उसकी पत्नी ने बरेली निवासी एक युवक के साथ रहने की इच्छा जताई। विरोध करने पर उसे जान से मारने की धमकियां मिलने लगीं। मामले में कैंट थाने में एफआईआर दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
डिभिया निवासी युवक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उसका निकाह करीब 16 वर्ष पहले हुआ था और दोनों का एक बेटा भी है। युवक के अनुसार, परिवार के भरण-पोषण और बेटे की पढ़ाई के लिए वह वर्ष 2024 में रोजगार के सिलसिले में दुबई चला गया था। विदेश में रहते हुए वह अपनी कमाई लगातार पत्नी के खाते में भेजता रहा। जिससे घर और बुजुर्ग माता-पिता की देखभाल होती रहे। युवक का कहना है कि शुरुआत में सबकुछ सामान्य था, लेकिन धीरे-धीरे पत्नी का व्यवहार बदलने लगा।
मोबाइल कॉल्स से बढ़ा शक
युवक के मुताबिक, जब वह दो महीने पहले घर लौटा तो उसने पत्नी को देर रात तक मोबाइल पर बातचीत और वीडियो कॉल करते देखा। इस पर उसे संदेह हुआ। पूछताछ करने पर पत्नी ने कथित तौर पर स्वीकार किया कि वह बरेली निवासी अनूप नाम के युवक से बात करती है और अब उसी के साथ रहना चाहती है। यह सुनकर युवक और उसके परिवार को गहरा आघात पहुंचा।
विक्टिम को दी चेतावनी
पीड़ित युवक ने आरोप लगाया कि जब उसने इस संबंध का विरोध किया और परिवार टूटने पर नाराजगी जताई, तो उसके मोबाइल पर अलग-अलग नंबरों से धमकी भरे कॉल आने लगे। कॉल करने वालों ने उसे चेतावनी दी कि अगर उसने पत्नी को परेशान किया या मामले में दखल दिया, तो उसकी हत्या कर दी जाएगी। लगातार मिल रही धमकियों से युवक भयभीत हो गया और उसने पुलिस की शरण ली।
पुलिस ने दर्ज किया केस
कैंट थाना प्रभारी निरीक्षक संजय सिंह ने बताया कि युवक की तहरीर के आधार पर महिला और बरेली निवासी अनूप के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और कॉल डिटेल्स समेत अन्य तकनीकी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों के अनुसार, विदेश में रोजगार के कारण लंबे समय तक परिवार से दूर रहने वाले लोगों के बीच ऐसे पारिवारिक विवादों के मामले बढ़ रहे हैं।











