बरेली में तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से स्कॉर्पियो चकनाचूर: तीन लोगों की मौत, पंजाब जा रहा था परिवार

बरेली|1 घंटा पहले
तीन लोगों की मौत, पंजाब जा रहा था परिवार

नवाबगंज थाना क्षेत्र में गुरुवार सुबह निर्माणाधीन हाईवे पर स्कॉर्पियो और डीसीएम के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य घायल हो गए। घायलों में एक की हालत गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए बरेली रेफर किया गया है। हादसे के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, राहत-बचाव कार्य शुरू कराया और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सामान्य कराया। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, स्कॉर्पियो में सवार पांच लोग पीलीभीत से पंजाब के लुधियाना जा रहे थे। सुबह करीब सात बजे जैसे ही उनकी गाड़ी नवाबगंज थाना क्षेत्र के इनायतपुर स्थित निर्माणाधीन हाईवे पर पहुंची, सामने से आ रहे तेज रफ्तार डीसीएम से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। उसमें सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

एक की हालत गंभीर

हादसे में लखीमपुर खीरी के पलिया निवासी मुकंद सिंह की पत्नी भूपेंद्र कौर, पंजाब के फतेहगढ़ निवासी हरजीत सिंह (60) और लुधियाना के माछीवाड़ा निवासी संतोख सिंह (65) की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं लाडी सिंह और मुकंद सिंह घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया। इनमें एक घायल की हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर किया गया। वहीं, स्कॉर्पियो चालक मुकंद सिंह को खतरे से बाहर बताया गया है।

पुलिस ने सीज किया वाहन

दुर्घटना की सूचना मिलते ही नवाबगंज थाना प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने राहत एवं बचाव अभियान चलाकर घायलों को अस्पताल भिजवाया और हादसे में मृत तीनों लोगों की बॉडी कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिए। साथ ही मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में लेकर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर हाईवे पर यातायात भी सुचारु करा दिया गया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।