लखनऊ में 500 झोपड़ियां जलकर खाक: सिलिंडर धमाकों से मची अफरा-तफरी, 2,000 लोग प्रभावित

लखनऊ|16 अप्रैल 2026
सिलिंडर धमाकों से मची अफरा-तफरी, 2,000 लोग प्रभावित

लखनऊ शहर के विकासनगर सेक्टर-14 स्थित रिंग रोड किनारे खाली प्लॉट में बनी झोपड़ियों में बुधवार शाम भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और करीब 500 झोपड़ियां जलकर खाक हो गईं। आग के दौरान एक के बाद एक कई गैस सिलिंडर फटने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, शाम करीब पांच बजे तेज विस्फोट की आवाज सुनाई दी, जिसके बाद आग लग गई और तेजी से फैलती चली गई। कुछ ही मिनटों में लपटों ने आसपास की झोपड़ियों को अपनी चपेट में ले लिया।

करीब 2,000 लोग हुए प्रभावित

बताया जा रहा है कि इस प्लॉट में करीब 500 झोपड़ियां बनी थीं, जिनमें लगभग 2,000 लोग रहते थे। आग लगते ही लोग अपनी जान बचाकर बाहर भागे, लेकिन उनका सारा सामान जलकर राख हो गया।

दमकल की 20 गाड़ियों ने पाया काबू

सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। करीब 20 दमकल गाड़ियों की मदद से आग पर काबू पाने में दो से तीन घंटे का समय लगा। आग की गंभीरता को देखते हुए आसपास के करीब 50 मकानों को खाली करा लिया गया और एहतियातन बिजली आपूर्ति भी रोक दी गई।

झोपड़ी में लगी भीषण आग
झोपड़ी में लगी भीषण आग

लापता बच्चों को लेकर परिजनों में दहशत

घटना के बाद कई परिवारों ने बच्चों के लापता होने की आशंका जताई है। रहमान नामक व्यक्ति ने बताया कि उनके चार बच्चों में से दो का अब तक पता नहीं चल पाया है। वहीं, अन्य लोगों ने भी अपने बच्चों के फंसे होने की आशंका जताई है, जिससे इलाके में चिंता का माहौल है।

पुलिस-प्रशासन पर देरी का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद दमकल और पुलिस की टीमें देर से मौके पर पहुंचीं, जिससे नुकसान बढ़ गया। इस दौरान कुछ लोगों की पुलिस से नोकझोंक भी हुई।

जाम और हंगामे से बढ़ी परेशानी

घटना के बाद रिंग रोड और आसपास के इलाकों में भारी जाम लग गया, जिससे दमकल गाड़ियों को पहुंचने में भी दिक्कत हुई। भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इस दौरान पत्थरबाजी की भी घटना सामने आई, जिसमें सिविल डिफेंस के पोस्ट वार्डन ऋषि श्रीवास्तव घायल हो गए।

जांच में जुटा प्रशासन

मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल के अनुसार, आग की सूचना शाम 5:47 बजे मिली थी और टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। फिलहाल किसी के हताहत होने की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।