लखनऊ में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका: युवती की मौत; युवक घायल, फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

राजधानी लखनऊ के नगराम थाना क्षेत्र स्थित ग्राम देवती में सोमवार को एक लाइसेंसधारी पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना शक्तिशाली था कि उसकी आवाज करीब दो किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। जबकि फैक्ट्री संचालित हो रहा मकान पूरी तरह जमींदोज हो गया। हादसे में 22 वर्षीय युवती मारिया की मौत हो गई। वहीं एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ और बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंच गया। टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया।
पुलिस के अनुसार विस्फोट ग्राम देवती निवासी मोहम्मद शफीक की लाइसेंसधारी पटाखा फैक्ट्री में हुआ। फैक्ट्री गांव के बाहरी हिस्से में स्थित थी। उसके आसपास कोई घनी आबादी नहीं थी। यही वजह रही कि एक बड़ा हादसा टल गया। विस्फोट के बाद भवन पूरी तरह ढह गया। ईंट-पत्थर दूर-दूर तक बिखर गए। जानकारी के अनुसार धमाके के साथ तेज आग की लपटें उठीं। कुछ देर तक क्षेत्र में धुएं का गुबार छाया रहा। हादसे में घायल हुई मारिया को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मारिया फैक्ट्री संचालक की भांजी थी। वहीं गंभीर रूप से घायल मोहित का अस्पताल में इलाज जारी है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मोहित घटना के समय अपने पशुओं को चरा रहा था और पानी पीने के लिए फैक्ट्री के पास पहुंचा था कि तभी वह विस्फोट की चपेट में आ गया।
ग्रामीणों की उमड़ी भीड़
स्थानीय लोगों के मुताबिक सुबह करीब 11:30 बजे हुए विस्फोट की आवाज सुनकर आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। कई ग्रामीण मौके की ओर दौड़ पड़े। लोगों का कहना है कि यदि यह हादसा ऐसे समय होता जब फैक्ट्री के आसपास लोगों की आवाजाही अधिक रहती, तो जनहानि कहीं ज्यादा हो सकती थी। ग्रामीणों ने राहत की बात यह बताई कि फैक्ट्री आबादी से दूर स्थित थी। जिससे बड़ी संख्या में लोगों की जान बच गई।
जांच में जुटी एजेंसियां
गोसाईगंज फायर स्टेशन से मिली सूचना के अनुसार घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। आग की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त फायर टेंडर, मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल (एमडीआरवी) और कई एंबुलेंस भी तैनात की गईं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया।
बुलडोजर से हटाया जा रहा मलबा
वहीं बम निरोधक दस्ता और एसडीआरएफ की टीमें भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच में जुट गई हैं। बुलडोजर की मदद से मलबा हटाया जा रहा है। यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि उसके नीचे कोई अन्य व्यक्ति दबा न हो। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विस्फोट के कारणों की गहन जांच की जा रही है। मलबा पूरी तरह हटने और तकनीकी रिपोर्ट मिलने के बाद ही हादसे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










