बरेली में हिंदू महासभा पदाधिकारी की गोली मारकर हत्या: रास्ते में घेरकर किया हमला, प्रेम प्रसंग को लेकर चल रहा था विवाद

बारादरी थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात में 21 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक अर्जुन मौर्य राष्ट्रीय हिंदू महासभा (भारत) से जुड़ा हुआ था। संगठन में पदाधिकारी की जिम्मेदारी निभा रहा था। बताया जा रहा है कि वह देर रात अपना काम समाप्त कर घर लौट रहा था। तभी कुछ युवकों ने रास्ते में उसे रोक लिया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते हिंसक विवाद में बदल गई। आरोप है कि एक युवक ने अवैध तमंचे से अर्जुन की कनपटी पर गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल अर्जुन को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद इलाके में तनाव और शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार गोसाई गोटिया निवासी अर्जुन मौर्य सोमवार देर रात डेलापीर क्षेत्र से अपना काम निपटाकर घर लौट रहा था। वह डीजे संचालन और पेंटिंग का कार्य करता था। जैसे ही वह संजय नगर इलाके में पहुंचा, वहां पहले से मौजूद कुश नामक युवक और उसके साथियों ने उसे रोक लिया। जानकारी के अनुसार किसी पुराने विवाद को लेकर दोनों पक्षों के बीच बहस शुरू हो गई। कुछ ही देर में विवाद इतना बढ़ गया कि एक आरोपी ने तमंचा निकालकर अर्जुन के सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही वह सड़क पर गिर पड़ा। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना अर्जुन के घर से महज 50 मीटर की दूरी पर हुई। जिससे स्थानीय लोगों में भी दहशत फैल गई।
परिवार में मचा कोहराम
अर्जुन की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। उसके पिता राकेश मौर्य राष्ट्रीय हिंदू महासभा (भारत) में सचिव पद पर हैं। वो एक सामाजिक संस्था से भी जुड़े हुए हैं। राकेश मौर्य ने बताया कि घटना के समय वह घर से बाहर थे। बड़े बेटे करन ने फोन कर अर्जुन पर हमले की सूचना दी थी। जब तक वह अस्पताल पहुंचे, तब तक डॉक्टर अर्जुन को मृत घोषित कर चुके थे। परिवार में अर्जुन के अलावा एक भाई और एक बहन है। बेटे की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और कठोर कार्रवाई की मांग की है।
लंबे समय से बना हुआ था तनाव
पुलिस की प्रारंभिक जांच में घटना के पीछे प्रेम प्रसंग से जुड़ा विवाद सामने आया है। एसपी सिटी मानुष पारीक के अनुसार अर्जुन की बहन और पड़ोस में रहने वाले कुश के बीच कथित प्रेम संबंध थे। इसी मुद्दे को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से तनाव बना हुआ था। जांच में पता चला है कि घटना वाली रात कुश अपने साथियों अर्पित मौर्य और कपिल के साथ अर्जुन को रोककर खड़ा हो गया था। कहासुनी के दौरान विवाद बढ़ा और गोली चल गई। जिससे अर्जुन की मौत हो गई।
पुलिस की तीन टीमें आरोपियों की तलाश में जुटीं
घटना की सूचना मिलते ही बारादरी और इज्जतनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। फोरेंसिक टीम, डॉग स्क्वॉड और फील्ड यूनिट ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं। वहीं स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमें गठित की हैं। संभावित ठिकानों पर पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच जारी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









