रोडवेज बस ने बाइक सवार को मारी टक्कर: मां-बेटे समेत तीन की मौत, युवक की हालत गंभीर

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
मां-बेटे समेत तीन की मौत, युवक की हालत गंभीर

मुरादाबाद में रोडवेज बस की टक्कर से एक ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में गर्भवती महिला, उसकी बहन और तीन वर्षीय मासूम बेटे की मौत हो गई। वहीं महिला का पति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

घटना कटघर थाना क्षेत्र में गांगन नदी पुल के पास मंगलवार दोपहर करीब ढाई बजे हुई। जानकारी के अनुसार, संभल जिले के हयातनगर थाना क्षेत्र स्थित सरायतरीन निवासी जुनैद अपनी पत्नी सिमरन, साली मन्तशा और तीन वर्षीय बेटे दानियाल के साथ बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रही रोडवेज बस ने ओवरटेक करने के प्रयास में बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। जानकारी के मुताबिक टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने सिमरन और उनके तीन वर्षीय बेटे दानियाल को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल मन्तशा ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। जुनैद का अस्पताल में इलाज जारी है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

परिवार में मचा कोहराम

हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गए। जुनैद की मां ने बताया कि उनका बेटा सुबह परिवार के साथ घर से निकला था। उसने चंदौसी घूमने जाने की बात कही थी। परिजनों को यह अंदाजा भी नहीं था कि कुछ ही घंटों बाद इतनी बड़ी त्रासदी सामने आ जाएगी। परिवार के लोगों ने बताया कि हादसे में जान गंवाने वाली सिमरन गर्भवती थीं। ऐसे में एक ही दुर्घटना में मां, मासूम बेटे और बहन की मौत ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। अस्पताल परिसर में परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। जबकि गांव और रिश्तेदारों में भी शोक की लहर फैल गई।

पुलिस ने सीज किया वाहन

घटना के बाद कटघर थाना पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त रोडवेज बस को कब्जे में ले लिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। बस चालक की भूमिका और दुर्घटना के कारणों का भी परीक्षण किया जा रहा है। वहीं तीनों मृतकों की बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।पुलिस का कहना है कि जांच रिपोर्ट और लोगों के बयान के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर तेज रफ्तार और लापरवाह ड्राइविंग के खतरों को उजागर कर दिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।