लखीमपुर में ट्रॉली में घुसी कार: दंपती समेत तीन लोगों की मौत, हरिद्वार से लौट रहा था परिवार

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
दंपती समेत तीन लोगों की मौत, हरिद्वार से लौट रहा था परिवार

लखीमपुर खीरी जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर मंगलवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। हरिद्वार से लौट रही एक कार नमक से भरी ओवरलोड ट्रॉली में पीछे से जा घुसी। करीब चार किलोमीटर तक कार ट्रॉली के साथ घिसटती चली गई। हादसे में पति-पत्नी और उनकी भांजी की मौत हो गई। जबकि परिवार के तीन अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस प्रारंभिक जांच में चालक को झपकी आने को दुर्घटना का प्रमुख कारण मान रही है।

जानकारी के अनुसार सुल्तानपुर जिले के शास्त्री नगर निवासी विमल सिंह अपने परिवार के साथ धार्मिक यात्रा पर हरिद्वार गए थे। मंगलवार सुबह करीब तीन बजे जब वे वापस लौट रहे थे, तभी चपरतला के पास उनकी कार आगे चल रही ट्रैक्टर-ट्रॉली में पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार ट्रॉली के पिछले हिस्से में फंस गई। चालक को इसकी जानकारी तक नहीं हुई। जानकारी के मुताबिक ट्रॉली कार को करीब चार किलोमीटर तक घसीटती रही।

ओवरटेक कर दी गई सूचना

बताया जा रहा है कि पीछे से आ रहे एक अन्य वाहन चालक ने ट्रैक्टर चालक को ओवरटेक कर दुर्घटना की जानकारी दी। इसके बाद ट्रैक्टर रोका गया। लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया। सीएचसी पसगवां में चिकित्सकों ने विमल सिंह, उनकी पत्नी वंदना सिंह और भांजी आलीख्या वर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल रूबी, वीर पटेल और आयुष सिंह की गंभीर हालत को देखते हुए पहले शाहजहांपुर और बाद में लखनऊ रेफर कर दिया गया। घायल बच्चों के पैर टूटने की भी सूचना है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मृतक विमल सिंह अपने परिवार के साथ धार्मिक आस्था के तहत हरिद्वार दर्शन के लिए गए थे। परिवार के छह सदस्य एक ही कार में सवार थे। हादसे की खबर मिलते ही सुल्तानपुर स्थित उनके घर में कोहराम मच गया। परिजन और रिश्तेदार बड़ी संख्या में घटनास्थल और अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और चालक को झपकी आने की बात सामने आई है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर लंबी दूरी की यात्रा के दौरान सतर्क ड्राइविंग और पर्याप्त आराम की आवश्यकता को रेखांकित कर दिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।