कुशीनगर में टैंकर-बाइक की जोरदार भिड़ंत: पति-पत्नी और बेटे की मौत; बेटी गंभीर, देवी दर्शन के लिए जा रहे थे बिहार

रामकोला थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां पलभर में उजाड़ दीं। देवी दर्शन के लिए बिहार जा रहे एक परिवार की बाइक सामने से आ रहे टैंकर से टकरा गई। जिससे पति-पत्नी और उनके मासूम बेटे की मौत हो गई। वहीं परिवार की 11 वर्षीय बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका इलाज गोरखपुर के बीआरडी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोग जुट गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार गोरखपुर जिले के पिपराइच वार्ड नंबर-9 निवासी रामलखन मद्धेशिया (38) मंगलवार सुबह अपनी पत्नी शशिकला (35), बेटे रौनक (9) और बेटी लाडो (11) के साथ बाइक से बिहार के प्रसिद्ध मदनपुर देवी स्थान पर दर्शन के लिए निकले थे। परिवार कप्तानगंज-नेबुआ नौरंगिया मार्ग से होकर गुजर रहा था। सुबह करीब 6:30 बजे रामकोला थाना क्षेत्र के खोटही स्थित निर्भया सलालवीर फिलिंग स्टेशन के पास उनकी बाइक की सामने से आ रहे टैंकर से आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सभी लोग सड़क पर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर गई पिता-पुत्र की जान
जानकारी के अनुसार हादसा इतना भयावह था कि रामलखन मद्धेशिया और उनके नौ वर्षीय बेटे रौनक की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल घायल शशिकला और लाडो को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया। चिकित्सकों ने जांच के बाद शशिकला को भी मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल लाडो की हालत नाजुक देखते हुए उसे बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।
धार्मिक आस्था के साथ निकला था परिवार
परिजनों ने बताया कि रामलखन मद्धेशिया धार्मिक प्रवृत्ति के व्यक्ति थे। अक्सर मंगलवार को परिवार के साथ देवी मंदिरों में दर्शन के लिए जाया करते थे। मंगलवार को भी पूरा परिवार श्रद्धा और आस्था के साथ मदनपुर देवी स्थान के लिए निकला था। लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने सब कुछ बदल दिया। कुछ ही क्षणों में परिवार के तीन सदस्यों की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। हादसे की खबर मिलते ही रिश्तेदार और परिचित अस्पताल तथा घटनास्थल पर पहुंच गए।
मिठाई व्यवसाय से जुड़ा था परिवार
रामलखन पिपराइच क्षेत्र में अपने भाई गणेश मद्धेशिया के साथ मिठाई का कारोबार करते थे। दोनों भाई अलग-अलग परिवारों के साथ रहते थे। रामलखन के पिता का पहले ही निधन हो चुका है। जबकि उनकी वृद्ध मां जीवित हैं। एक साथ बेटे, बहू और पोते की मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। वृद्ध मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे मोहल्ले में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही खोटही चौकी और रामकोला थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त टैंकर को कब्जे में ले लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। तीनों मृतकों के बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए रविंद्रनगर धूस स्थित मर्चरी हाउस भेजा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हृदयविदारक हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता को रेखांकित किया है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









