राप्ती में नहाने गए दो बच्चे डूबे: एक की बॉडी बरामद; दूसरे की तलाश तेज, NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

गोरखपुर|1 घंटा पहले
एक की बॉडी बरामद; दूसरे की तलाश तेज, NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी

तिवारीपुर क्षेत्र स्थित माधवपुर बंधे के पास मंगलवार दोपहर एक दर्दनाक हादसे में राप्ती नदी में नहाने गए दो बच्चे डूब गए। घटना की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को जानकारी दी। इसके बाद राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। मौके पर पहुंचे एनडीआरएफ जवानों ने नदी में सर्च ऑपरेशन चलाकर एक बच्चे की बॉडी बरामद कर ली। वहीं दूसरे बच्चे की तलाश देर शाम तक जारी रही।

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे कुछ बच्चे माधवपुर बंधे के पास राप्ती नदी में नहाने गए थे। इसी दौरान दो बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया। लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई और रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। बचाव दल ने काफी मशक्कत के बाद एक बच्चे की बॉडी नदी से बाहर निकाली। बॉडी मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। घटनास्थल पर चीख-पुकार गूंज उठी। वहीं दूसरे बच्चे की तलाश के लिए नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

चार बच्चों के नदी की ओर जाने की भी चर्चा

घटनास्थल पर मौजूद कुछ लोगों का कहना है कि उन्होंने चार बच्चों को एक साथ नदी की ओर जाते हुए देखा था। इस सूचना के बाद पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। ताकि पूरी स्थिति स्पष्ट हो सके। हालांकि अब तक आधिकारिक तौर पर दो बच्चों के नदी में डूबने की ही पुष्टि हुई है।

मौके पर पहुंचे सीनियर अफसर

घटना की जानकारी मिलते ही मंडलायुक्त अनिक ढींगरा, जिलाधिकारी दीपक मीणा, एसएसपी डॉ. कौस्तुभ, एसडीएम सदर दीपक गुप्ता सहित कई प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और राहत कार्यों की निगरानी की। अधिकारियों ने एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोरों को तेजी से सर्च अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि लापता बच्चे की तलाश के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।