प्रेम प्रसंग के दौरान युवक ने बनाया वीडियो: शादी के बाद वायरल कर पीड़िता को किया ब्लैकमेल, आरोपी के खिलाफ केस दर्ज

गोला कस्बे में साइबर उत्पीड़न और ब्लैकमेलिंग का एक गंभीर मामला सामने आया है। जिससे एक नवविवाहिता का जीवन संकट में आ गया है। आरोप है कि मोहल्ले के ही युवक ने प्रेम संबंध के दौरान युवती का अश्लील वीडियो बना लिया और बाद में उसे वायरल कर दिया। वीडियो सामने आने के बाद युवती का वैवाहिक जीवन प्रभावित हो गया और शादी के महज 20 दिन बाद उसे ससुराल छोड़कर मायके लौटना पड़ा। मामले में पीड़िता के पिता की एप्लीकेशन पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, गोला थाना क्षेत्र निवासी एक युवती की शादी एक मई को मऊ जनपद में हुई थी। शादी के शुरुआती दिनों तक सब कुछ सामान्य रहा, लेकिन 21 मई को युवती अचानक मायके लौट आई। परिजनों द्वारा कारण पूछे जाने पर उसने पूरे मामले की जानकारी दी। युवती ने बताया कि उसके मोहल्ले में रहने वाले विक्रम निषाद उर्फ विक्कू से पिछले करीब दो वर्षों से प्रेम संबंध थे। इसी दौरान आरोपी ने उसका अश्लील वीडियो बना लिया था।
शादी के बाद भी बनाता रहा दबाव
पीड़िता का आरोप है कि शादी हो जाने के बाद भी आरोपी लगातार बातचीत करने का दबाव बनाता रहा। युवती के विरोध करने पर आरोपी ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। आरोप है कि युवक ने पीड़िता को जान से मारने की धमकी भी दी। बाद में बदला लेने की नीयत से युवती का अश्लील वीडियो वायरल कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद मामला युवती के पति और ससुराल पक्ष तक पहुंच गया। इसके बाद वैवाहिक संबंधों में तनाव उत्पन्न हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि युवती को ससुराल छोड़कर वापस मायके आना पड़ा। घटना के बाद परिवार गहरे मानसिक तनाव से गुजर रहा है।
साइबर अपराध और सामाजिक दबाव बना बड़ी चुनौती
यह मामला एक बार फिर डिजिटल माध्यमों के दुरुपयोग और निजी संबंधों में साइबर ब्लैकमेलिंग के बढ़ते खतरे को सामने लाता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि निजी वीडियो या तस्वीरों के जरिए युवतियों को मानसिक रूप से प्रताड़ित करने और ब्लैकमेल करने के मामलों में लगातार वृद्धि हो रही है। ऐसे मामलों में पीड़ित महिलाओं को सामाजिक दबाव और मानसिक तनाव का भी सामना करना पड़ता है। स्थानीय लोगों के अनुसार, घटना सामने आने के बाद मोहल्ले में भी तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। परिवार ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके।
पुलिस ने शुरू की जांच
थानाध्यक्ष प्रहलाद सिंह ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर आरोपी विक्रम निषाद उर्फ विक्कू के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि दोषी पाए जाने पर आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









