बद्रीनाथ धाम पहुंचे कैलाश खेर: रुद्राक्ष माला और चंदन तिलक में दिखे गायक, सोशल मीडिया पर वायरल हुईं तस्वीरें

प्रसिद्ध सूफी गायक कैलाश खेर इन दिनों उत्तराखंड की आध्यात्मिक यात्रा पर हैं। केदारनाथ धाम के दर्शन के बाद अब वह बद्रीनाथ पहुंचे हैं। गायक ने अपनी यात्रा की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की हैं, जिनमें वह बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच पारंपरिक आध्यात्मिक अंदाज में नजर आ रहे हैं। उनकी तस्वीरों को फैंस खूब पसंद कर रहे हैं और सोशल मीडिया पर जमकर प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
कैलाश खेर ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बद्रीनाथ धाम की कई तस्वीरें पोस्ट कीं। तस्वीरों में वह गले में रुद्राक्ष की माला और माथे पर चंदन का तिलक लगाए दिखाई दे रहे हैं। पहाड़ों के शांत वातावरण और धार्मिक आस्था से जुड़ी इन तस्वीरों ने फैंस को काफी प्रभावित किया है। पोस्ट सामने आते ही सोशल मीडिया पर “हर-हर महादेव” और “जय बद्री विशाल” जैसे कमेंट्स की बाढ़ आ गई।
फैंस ने जताई खुशी
कैलाश खेर की इस आध्यात्मिक यात्रा को लेकर उनके प्रशंसकों में खासा उत्साह देखने को मिला। एक यूजर ने लिखा, “बहुत शानदार और दिव्य दृश्य।” वहीं दूसरे फैन ने “जय महाकाल” लिखकर अपनी प्रतिक्रिया दी। कई लोगों ने उनकी सादगी और आध्यात्मिक जुड़ाव की तारीफ की। सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
केदारनाथ में गाया था ‘बम लहरी’
इससे पहले इसी महीने कैलाश खेर ने केदारनाथ मंदिर में दर्शन किए थे। वहां उन्होंने बर्फीली वादियों के बीच अपना लोकप्रिय भजन ‘बम लहरी’ भी गाया था। उस वीडियो को भी सोशल मीडिया पर लाखों लोगों ने देखा और पसंद किया। वीडियो शेयर करते हुए उन्होंने लिखा था, “महादेव का धाम, पूरन सारे काम। जय जय केदारा।” केदारनाथ मंदिर भगवान शिव को समर्पित है और इसे देश के प्रमुख ज्योतिर्लिंगों में गिना जाता है। वहीं बद्रीनाथ मंदिर भगवान विष्णु का प्रसिद्ध धाम माना जाता है। हर साल लाखों श्रद्धालु इन दोनों तीर्थ स्थलों के दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
नया गाना ‘जोगी’ भी चर्चा में
आध्यात्मिक यात्रा के साथ-साथ कैलाश खेर अपने नए गीत ‘जोगी’ को लेकर भी चर्चा में हैं। यह गीत आदि शंकराचार्य के जीवन और उनके आध्यात्मिक विचारों पर आधारित है। गाने में भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा की झलक दिखाई गई है। कैलाश खेर ने इसे सिर्फ संगीत नहीं, बल्कि “आत्मिक अनुभव” बताया है।
भारतीय संगीत की मजबूत आवाज
कैलाश खेर भारतीय संगीत जगत के उन चुनिंदा गायकों में शामिल हैं, जिन्होंने सूफी, लोक और आधुनिक संगीत को नई पहचान दी। ‘तेरी दीवानी’, ‘अल्लाह के बंदे’, ‘सैयां’ और ‘चांद सिफारिश’ जैसे उनके कई गीत आज भी लोगों की पसंद बने हुए हैं। उनकी बुलंद और रूहानी आवाज ने उन्हें देश ही नहीं, विदेशों में भी खास पहचान दिलाई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









