गोविंदा संग रिश्ते पर नीलम का खुलासा: बोलीं- शादी की नहीं थी जानकारी, पति समीर ने भी रखी बात

अभिनेत्री नीलम कोठारी ने गोविंदा के साथ अपने कथित रिश्ते की पुरानी चर्चाओं पर पहली बार खुलकर प्रतिक्रिया दी है। एक इंटरव्यू में नीलम ने कहा कि जिस दौर में उनके और गोविंदा के रिश्ते को लेकर अफवाहें चल रही थीं, उस समय वह काफी छोटी थीं। उन्होंने कहा कि उन्हें बाद में पता चला कि उस समय गोविंदा की शादी हो चुकी थी। नीलम और गोविंदा ने 1980 के दशक से 1990 के शुरुआती वर्षों तक कई फिल्मों में साथ काम किया था। पर्दे पर दोनों की जोड़ी और केमिस्ट्री को दर्शकों ने काफी पसंद किया था।
इंटरव्यू के दौरान जब नीलम से कहा गया कि गोविंदा ऑफ-स्क्रीन उनसे प्यार करते थे, तो उन्होंने कहा कि उन्हें इस बारे में जानकारी नहीं थी। नीलम के मुताबिक, उस समय उनकी उम्र काफी कम थी और उन्हें गोविंदा की शादी के बारे में भी जानकारी नहीं थी। उन्होंने बताया कि उस दौर में रिश्ता बनाना उनके लिए कोई विकल्प नहीं था। उनका पूरा फोकस हिंदी सीखने और फिल्मों में काम करने पर था। कम उम्र होने के कारण परिवार का कोई सदस्य शूटिंग के दौरान उनके साथ रहता था। नीलम ने कहा कि सेट पर सभी लोग उन्हें काफी प्यार करते थे और उनके को-स्टार्स भी उनके साथ बच्चे जैसा व्यवहार करते थे।
समीर सोनी बोले- पुरानी बात को लेकर क्या सोचूं
नीलम के पति और अभिनेता समीर सोनी ने भी गोविंदा को लेकर अपनी राय साझा की। उन्होंने कहा कि गोविंदा बहुत अच्छे इंसान हैं और जब भी उनसे मुलाकात हुई, उन्होंने गर्मजोशी से व्यवहार किया। समीर ने कहा कि करीब 20 साल पुरानी ऐसी बात, जिसके बारे में उन्हें खुद जानकारी नहीं है कि वह हुई थी या नहीं, उसे लेकर वह कोई धारणा नहीं बना सकते। उन्होंने यह भी कहा कि गोविंदा आज भी यह दावा करते हैं कि वह नीलम से बहुत प्यार करते थे। समीर के मुताबिक, जैकी श्रॉफ और संजय दत्त भी उस दौर में नीलम को लेकर काफी प्रोटेक्टिव रहते थे।
'लव 86' से शुरू हुई थी पर्दे की जोड़ी
नीलम और गोविंदा की जोड़ी ने 1980 और 1990 के दशक में कई फिल्मों में काम किया। दोनों की पहली फिल्म 'लव 86' थी, जो 14 फरवरी 1986 को रिलीज हुई थी। इसके दो सप्ताह बाद 28 फरवरी को दोनों की दूसरी फिल्म 'इल्जाम' आई। इसके गानों और गोविंदा के डांस ने उन्हें तेजी से पहचान दिलाई। दोनों 'खुदगर्ज' (1987), 'सिंदूर', 'हत्या', 'दो कैदी' और 'फर्ज की जंग' जैसी फिल्मों में भी साथ नजर आए। इसी दौर में दोनों के रिश्ते की अफवाहें भी सामने आई थीं।
2001 में अभिनय से बना ली दूरी
हांगकांग में जन्मी नीलम के पिता शिशिर कोठारी गुजराती जैन और मां परवीन कोठारी पारसी थीं। उन्हें बचपन से संगीत और डांस में रुचि थी। उन्होंने कीबोर्ड और जैज बैले सीखा तथा आइलैंड स्कूल, हांगकांग में पढ़ाई की। बाद में परिवार बैंकॉक चला गया। मुंबई में छुट्टियां बिताने के दौरान फिल्म निर्देशक रमेश बहल से मुलाकात हुई और उन्होंने नीलम को फिल्म का प्रस्ताव दिया। 15 साल की उम्र में उनकी पहली लीड फिल्म 'जवानी' (1984) रिलीज हुई। कई लोकप्रिय फिल्मों में काम करने के बाद नीलम ने 2001 में अभिनय से दूरी बना ली और ज्वेलरी डिजाइनिंग शुरू की। वर्ष 2020 में वह रियलिटी शो 'फैबुलस लाइव्स ऑफ बॉलीवुड वाइव्स' से फिर चर्चा में आईं। इसके बाद वह इसके स्पिन-ऑफ 'फैबुलस लाइव्स वर्सेज बॉलीवुड वाइव्स' में भी नजर आईं।










