हॉलीवुड ने खोया दिग्गज सितारा: 78 वर्ष की उम्र में सैम नील का निधन, 'जुरासिक पार्क' से दुनियाभर में मिली पहचान

57 मिनट पहले
78 वर्ष की उम्र में सैम नील का निधन, 'जुरासिक पार्क' से दुनियाभर में मिली पहचान

हॉलीवुड के चर्चित अभिनेता सैम नील का सोमवार को 78 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उनके परिवार ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस दुखद समाचार की पुष्टि की। परिवार के अनुसार, सैम नील का निधन अचानक हुआ। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अभिनेता पहले ब्लड कैंसर से पूरी तरह स्वस्थ हो चुके थे। फिलहाल उनके निधन के कारण का खुलासा नहीं किया गया है। सैम नील को उनकी सहज अभिनय शैली और यादगार किरदारों के लिए दुनिया भर में जाना जाता था। विशेष रूप से फिल्म 'जुरासिक पार्क' में निभाया गया डॉ. एलन ग्रांट का किरदार उनके करियर की सबसे बड़ी पहचान बना।

सैम नील का पूरा नाम नाइजल जॉन डर्मॉट "सैम" नील था। उनका जन्म 14 सितंबर 1947 को उत्तरी आयरलैंड के ओमाघ में हुआ था। बचपन में उनका परिवार न्यूजीलैंड जाकर बस गया, जहां उनकी परवरिश हुई। उन्होंने 1970 के दशक में अपने अभिनय करियर की शुरुआत की। वर्ष 1977 में रिलीज हुई स्लीपिंग डॉग्स से उन्हें पहली बड़ी पहचान मिली। वहीं, माय ब्रिलियंट करियर ने उन्हें इंटरनेशनल लेवल पर स्थापित किया। इसके बाद उन्होंने हॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाई और पांच दशक से अधिक लंबे करियर में अनेक चर्चित फिल्मों और टीवी सीरीज में प्रभावशाली अभिनय किया।

करियर का सबसे बड़ा मील का पत्थर बनी 'जुरासिक पार्क'

साल 1993 में रिलीज हुई जुरासिक पार्क सैम नील के करियर का सबसे बड़ा मील का पत्थर साबित हुई। फिल्म में उन्होंने पेलियोन्टोलॉजिस्ट डॉ. एलन ग्रांट की भूमिका निभाई, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। इस किरदार की लोकप्रियता के चलते उन्होंने जुरासिक पार्क-3 (2001) और जुरासिक वर्ल्ड: डोमिनियन (2022) में भी यही भूमिका निभाई। इसके अलावा द पियानो, द हंट फॉर रेड अक्टूबर, डेड काम, द ओमेन-3, पजेशन और इवेंट होरिजोन जैसी फिल्मों में भी उनके अभिनय को सराहा गया। उन्होंने पीकी ब्लाइंडर्स, द ट्यूडर्स, मर्लिन और इन्वेशन जैसी टीवी सीरीज में भी अपनी छाप छोड़ी।

दुर्लभ ब्लड कैंसर को हराया था

साल 2023 में सैम नील ने सार्वजनिक रूप से बताया था कि उन्हें एंजियोइम्यूनोब्लास्टिक टी-सेल लिम्फोमा नाम का दुर्लभ ब्लड कैंसर हुआ था। उन्होंने कीमोथेरेपी और बाद में CAR-T सेल थेरेपी कराई। इसके बाद वह कैंसर-मुक्त हो गए थे। उन्होंने अपनी बीमारी का अनुभव साझा कर लोगों को जागरूक करने का भी प्रयास किया था।

अभिनय के साथ प्रकृति से भी था गहरा लगाव

फिल्मी दुनिया से इतर सैम नील न्यूजीलैंड में 'टू पैडॉक' नाम का अपना वाइनयार्ड भी संचालित करते थे। खेती, पशुपालन और प्रकृति से उनका विशेष जुड़ाव था, जिसकी झलक उनके सोशल मीडिया पोस्ट में अक्सर दिखाई देती थी। निजी जीवन में उनके दो रिश्ते रहे। वे चार बच्चों के पिता और आठ नाती-पोतों के दादा थे। अभिनय, सादगी और बहुमुखी व्यक्तित्व के कारण सैम नील हमेशा सिनेमा प्रेमियों की स्मृतियों में जीवित रहेंगे।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।