बेटे का नाम रखना चाहते थे 'राम खान': जन्म के बाद बदला सोहेल का फैसला, पहले से बनी थी सहमति

अभिनेता सोहेल खान ने खुलासा किया है कि वह अपने बड़े बेटे का नाम 'राम खान' रखना चाहते थे। उनका कहना है कि यह उनके परिवार की सेक्युलर सोच का प्रतीक होता। लेकिन बेटे के जन्म के बाद परिस्थितियां बदल गईं और आखिरकार उसका नाम 'निर्वाण' रखा गया। सोहेल ने यह दिलचस्प किस्सा रियलिटी शो 'अलायंस' के दौरान साझा किया।
रियलिटी शो में बातचीत के दौरान वाइल्डकार्ड कंटेस्टेंट अली गोनी ने सोहेल खान और उनकी पूर्व पत्नी सीमा सजदेह की परवरिश की सराहना करते हुए कहा कि उनके दोनों बच्चों को बेहतरीन संस्कार मिले हैं। इस पर सोहेल ने परिवार से जुड़ा एक पुराना किस्सा सुनाया। उन्होंने बताया कि पहली संतान के जन्म से पहले दोनों ने मजाक-मजाक में तय किया था कि यदि बेटा होगा तो उसका नाम वह रखेंगे, जबकि बेटी होने पर नाम चुनने का अधिकार सीमा का होगा। सोहेल ने कहा कि उन्होंने बेटे के लिए 'राम खान' नाम सोचा था, जिसे वह अपने परिवार की धर्मनिरपेक्ष सोच का प्रतीक मानते थे। हालांकि बेटे के जन्म के बाद जब सीमा को होश आया तो उन्होंने सबसे पहले बच्चे को 'निर्वाण' कहकर पुकारा। सोहेल ने बताया कि उस पल के बाद उन्हें लगा कि यही नाम सही है और उन्होंने इसे बदलने की जरूरत नहीं समझी। उनके मुताबिक, निर्वाण का स्वभाव भी उसके नाम की तरह शांत और संतुलित है।
शो में दिखी दोनों की सहज बॉन्डिंग
'अलायंस' में सीमा सजदेह की एंट्री के बाद दोनों के बीच सहज और सकारात्मक रिश्ता देखने को मिला। सीमा का स्वागत करते हुए सोहेल ने कहा कि उन्होंने 25 साल इस खूबसूरत महिला के साथ बिताए हैं। रिश्ते में कोई कमी रहने पर उसकी जिम्मेदारी वह खुद लेते हैं। वहीं, होस्ट कुणाल खेमू के सवाल पर सीमा ने कहा कि फिलहाल इस शो में सोहेल ही उनके सबसे बड़े सहयोगी हैं। बाद में सोहेल ने भी स्वीकार किया कि परिवार के किसी सदस्य की मौजूदगी उन्हें भावनात्मक मजबूती देती है।
तलाक और रिश्ते पर भी रखी खुलकर राय
शो के एक अन्य एपिसोड में सोहेल ने अपनी शादी टूटने को लेकर भी खुलकर बात की। उन्होंने स्वीकार किया कि उस दौर में उनका करियर ठीक नहीं चल रहा था। वह मानसिक रूप से भी संतुलित नहीं थे। उन्होंने माना कि अपने व्यवहार के कारण उन्होंने उस इंसान को खो दिया, जिससे वह बेहद प्यार करते थे। सोहेल ने कहा कि सीमा उनके दोनों बेटों की मां हैं। वह आज भी उनका गहरा सम्मान करते हैं। उनके अनुसार, इस शो ने दोनों को फिर से संवाद करने और पुराने रिश्ते को सम्मानजनक तरीके से समझने का अवसर दिया।
प्यार से शादी और फिर अलग हुए रास्ते
सोहेल खान और सीमा सजदेह की पहली मुलाकात चंकी पांडे की सगाई की पार्टी में हुई थी। दोनों के बीच जल्द ही नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन अलग-अलग धर्म होने के कारण परिवार इस रिश्ते के पक्ष में नहीं था। विरोध के बावजूद दोनों ने 15 मार्च 1998 को विवाह किया। पहले आर्य समाज मंदिर में फेरे लिए और बाद में निकाह भी किया। उनके दो बेटे हैं निर्वाण, जिसका जन्म 2000 में हुआ और योहान, जिसका जन्म 2011 में हुआ। वर्ष 2022 में दोनों ने अलग होने का फैसला किया। वर्तमान में दोनों रियलिटी शो 'अलायंस', जिसे कुणाल खेमू होस्ट कर रहे हैं और जो प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम हो रहा है।










