युवक ने एक्ट्रेस से की अश्लीलता: पीड़िता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

1 घंटा पहले
पीड़िता ने सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो, सुरक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

कन्नड़ फिल्म और टेलीविजन अभिनेत्री तथा 'बिग बॉस कन्नड़-8' की पूर्व प्रतिभागी दिव्या सुरेश ने बेंगलुरु में अपने साथ कथित छेड़छाड़ की घटना साझा कर महिला सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। अभिनेत्री के अनुसार वह अपनी कजिन के साथ कार की ओर जा रही थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक उनका पीछा करने लगा और उनके सामने अश्लील इशारे करने लगा। दिव्या का आरोप है कि विरोध करने के बावजूद युवक नहीं रुका और उनके कार में बैठने तक लगातार उनका पीछा करता रहा। घटना का वीडियो भी अभिनेत्री ने सोशल मीडिया पर साझा किया है। उन्होंने बेंगलुरु पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

दिव्या सुरेश ने इंस्टाग्राम स्टोरी के जरिए पूरी घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वह अपनी कजिन के साथ सड़क से कार की ओर जा रही थीं, तभी एक युवक उनके पीछे-पीछे चलने लगा। आरोप है कि उसने उनके सामने अश्लील हरकतें कीं और अभद्र इशारे किए। अभिनेत्री और उनकी कजिन ने तुरंत उसे रोकने का प्रयास किया। लेकिन उसने उनकी बात को नजरअंदाज कर दिया। दिव्या का कहना है कि कार में बैठने तक आरोपी उनका पीछा करता रहा। इससे दोनों काफी भयभीत हो गईं।

वीडियो रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर किया साझा

घटना के दौरान दिव्या ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो भी रिकॉर्ड किया। इस वीडियो को उन्होंने इंस्टाग्राम स्टोरी पर पोस्ट किया है। वीडियो में उनकी कजिन आरोपी की ओर इशारा करते हुए उसकी हरकतों का जिक्र करती सुनाई देती हैं। वहीं, दिव्या बताती हैं कि कार में बैठने के बाद भी युवक उनका पीछा करता रहा। वीडियो में उनकी कजिन पुलिस को फोन करने की बात भी कहती सुनाई देती हैं। सोशल मीडिया पोस्ट में दिव्या ने बेंगलुरु पुलिस को टैग करते हुए सवाल उठाया कि महिलाओं की सुरक्षा को लेकर किए जाने वाले दावों का वास्तविक असर आखिर कहां दिखाई देता है। उन्होंने कहा कि केवल रात में सड़क पर होने की वजह से किसी भी महिला को इस तरह के उत्पीड़न का सामना नहीं करना चाहिए।

टीवी और फिल्मों का जाना-पहचाना चेहरा हैं दिव्या

33 वर्षीय दिव्या सुरेश कन्नड़ मनोरंजन जगत का चर्चित नाम हैं। वह वर्ष 2021 में प्रसारित हुए 'बिग बॉस कन्नड़-8' में नजर आ चुकी हैं, जिसे अभिनेता किच्चा सुदीप ने होस्ट किया था। इसके अलावा उन्होंने 'नन्ना हेन्ड्थी MBBS' और 'जोड़ी हक्की' जैसे लोकप्रिय कन्नड़ धारावाहिकों में अभिनय किया है। वर्ष 2017 में उन्होंने 'मिस इंडिया साउथ' का खिताब अपने नाम किया था। उसी वर्ष फिल्म #9 हिल्टन क्रॉस से उन्होंने कन्नड़ सिनेमा में कदम रखा। इसके बाद वह 'राउडी बेबी', 'केम्पू हलादी हसिरु' और 'हिरण्या' जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं।

पिछले वर्ष भी रही थीं सुर्खियों में

दिव्या सुरेश का नाम अक्टूबर 2025 में बेंगलुरु के एक कथित हिट-एंड-रन मामले में भी सामने आया था। आरोप था कि उनकी कार की टक्कर से बाइक सवार तीन लोग घायल हो गए थे। इनमें एक महिला के घुटने की हड्डी टूट गई थी। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उनकी कार जब्त की थी। पूछताछ के दौरान दिव्या ने स्वीकार किया था कि वाहन वही चला रही थीं। उनका कहना था कि फ्लाइट पकड़ने की जल्दबाजी के कारण वह घटनास्थल पर नहीं रुक सकीं। मामले में आरटी नगर ट्रैफिक पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू की थी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।