रानी मुखर्जी की मां का निधन: जुहू श्मशान घाट पर पंचतत्व में विलीन हुईं कृष्णा मुखर्जी, अंतिम विदाई देने पहुंचे शाहरुख-आमिर

जुहू श्मशान घाट पर पंचतत्व में विलीन हुईं कृष्णा मुखर्जी, अंतिम विदाई देने पहुंचे शाहरुख-आमिर

रानी मुखर्जी की मां कृष्णा मुखर्जी के निधन के बाद मुंबई के जुहू स्थित पवन हंस श्मशान घाट पर अंतिम संस्कार किया गया। 75 वर्षीय कृष्णा मुखर्जी के अंतिम दर्शन के लिए बॉलीवुड के कई बड़े सितारे पहुंचे। शाहरुख खान पत्नी गौरी खान के साथ पहुंचे, जबकि आमिर खान, आलिया भट्ट, करण जौहर और कई अन्य हस्तियों ने रानी और उनके परिवार से मुलाकात कर संवेदना जताई। परिवार ने एक बयान जारी कर लोगों से प्राइवेसी बनाए रखने की अपील की है। हालांकि, निधन की वजह सार्वजनिक नहीं की गई है।

शाहरुख खान अपनी पत्नी गौरी खान और मैनेजर पूजा ददलानी के साथ कड़ी सुरक्षा के बीच पवन हंस श्मशान घाट पहुंचे। उन्होंने रानी मुखर्जी और उनके भाई राजा मुखर्जी से मुलाकात की। इसके बाद उन्होंने कृष्णा मुखर्जी को अंतिम विदाई दी। इस दौरान फिल्म इंडस्ट्री के कई जाने-पहचाने चेहरे भी मौजूद रहे।

आमिर समेत कई सितारे पहुंचे घर

कृष्णा मुखर्जी के निधन की खबर सामने आने के बाद रानी के जुहू स्थित घर पर बॉलीवुड हस्तियों का पहुंचना शुरू हो गया था। आमिर खान ने रानी से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया। रानी और आमिर ने ‘गुलाम’, ‘मन’ और ‘तलाश’ जैसी फिल्मों में साथ काम किया है। आलिया भट्ट, करण जौहर, फरहान अख्तर, जोया अख्तर, आशुतोष गोवारिकर और अनिल कपूर भी शोक जताने पहुंचे।

बंगाली सिनेमा से रहा गहरा जुड़ाव

कृष्णा मुखर्जी का बंगाली सिनेमा से गहरा जुड़ाव था। वह पेशेवर प्लेबैक सिंगर थीं और कई बंगाली फिल्मों के लिए गाने गाए थे। यशराज फिल्म्स ने मंगलवार को उनके निधन की आधिकारिक जानकारी दी थी। कृष्णा अक्सर बेटी रानी के साथ सार्वजनिक कार्यक्रमों में नजर आती थीं।

मां के बेहद करीब थीं रानी

रानी अपनी मां के बेहद करीब थीं और कई मौकों पर अपनी सफलता का श्रेय उन्हें दे चुकी हैं। करियर की शुरुआत से ही कृष्णा अवॉर्ड फंक्शन, फिल्म स्क्रीनिंग और अन्य कार्यक्रमों में रानी के साथ दिखाई देती थीं। पति राम मुखर्जी के निधन के बाद भी वह बेटी के साथ रहकर परिवार का सहारा बनी रहीं। उन्होंने रानी को कला और अभिनय के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए लगातार प्रोत्साहित किया।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।