‘चुनरी चुनरी’ गाने पर छिड़ा विवाद: वाशु भगनानी के आरोपों पर फिल्म टीम का पलटवार, मेकर्स बोले- बदनाम करने और रिलीज रोकने की कोशिश

1 घंटा पहले
वाशु भगनानी के आरोपों पर फिल्म टीम का पलटवार, मेकर्स बोले- बदनाम करने और रिलीज रोकने की कोशिश

फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ रिलीज से पहले विवादों में घिर गई है। फिल्म के चर्चित गाने ‘चुनरी चुनरी’ को लेकर निर्माता वाशु भगनानी और फिल्म की टीम के बीच कानूनी टकराव तेज हो गया है। मामला अदालत तक पहुंच चुका है। इसी बीच फिल्म के निर्माता रमेश तौरानी, टिप्स म्यूजिक और फिल्म की पूरी टीम ने संयुक्त बयान जारी कर वाशु भगनानी के आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है। मेकर्स ने आरोप लगाया कि यह पूरा विवाद निजी रंजिश और फिल्म की रिलीज प्रभावित करने की मंशा से खड़ा किया गया है।

फिल्म टीम ने अपने आधिकारिक बयान में कहा कि हाल ही में लगाए गए आरोप पूरी तरह निराधार हैं और इनका उद्देश्य केवल फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ की छवि खराब करना है। टीम का कहना है कि यह मामला व्यक्तिगत दुर्भावना से प्रेरित दिखाई देता है। बयान में कहा गया कि वाशु भगनानी के साथ उनका संबंध वर्ष 1995 से रहा है, जब फिल्म ‘कुली नंबर 1’ के दौरान उन्हें प्रोड्यूसर क्रेडिट और 50 प्रतिशत साझेदारी दी गई थी। मेकर्स ने दावा किया कि उस प्रोजेक्ट का अधिकांश प्रारंभिक कार्य पहले ही पूरा हो चुका था, बावजूद इसके उन्होंने रिश्तों का सम्मान करते हुए भगनानी को बराबरी का अवसर दिया था।

‘गलत जानकारी फैलाने का आरोप’

फिल्म टीम ने सोशल मीडिया के जरिए गलत तथ्यों को फैलाने का भी आरोप लगाया है। मेकर्स का कहना है कि सीधे संवाद या आपसी बातचीत की बजाय कानूनी दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने विशेष रूप से बिहार के कटिहार कोर्ट में शिकायत दाखिल किए जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि मुंबई फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े मामले को दो हजार किलोमीटर दूर अदालत में ले जाना कई सवाल खड़े करता है। टीम का कहना है कि यह कदम फिल्म से जुड़े लोगों को परेशान करने और रिलीज प्रक्रिया में बाधा डालने की रणनीति का हिस्सा लगता है। मेकर्स ने अपने बयान में यह भी साफ किया कि विवादित गानों ‘चुनरी चुनरी’ और ‘इश्क सोना है’ के वैध और कानूनी अधिकार केवल उनके पास हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में उनका पक्ष पूरी तरह मजबूत है और उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा है। टीम ने दर्शकों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर फैलाए जा रहे भ्रम और नकारात्मक प्रचार से प्रभावित न हों।

कोर्ट में पहुंचा मामला, रिलीज पर नजर

फिल्म ‘है जवानी तो इश्क होना है’ में अभिनेता वरुण धवन, मृणाल ठाकुर और पूजा हेगड़े मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म पांच जून को सिनेमाघरों में रिलीज होनी है। ऐसे में रिलीज से ठीक पहले शुरू हुआ यह विवाद बॉलीवुड इंडस्ट्री में चर्चा का बड़ा विषय बन गया है। अब सभी की निगाहें अदालत की अगली सुनवाई और फिल्म की रिलीज पर टिकी हैं।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।