बहराइच में तेंदुए ने दंपती पर किया हमला: गन्ने के खेत में लगा रहे थे पानी, बचाने दौड़े युवक को भी किया घायल

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
गन्ने के खेत में लगा रहे थे पानी, बचाने दौड़े युवक को भी किया घायल

मोतीपुर वन रेंज क्षेत्र में बुधवार सुबह अफरा-तफरी मच गई। खेत में काम कर रहे पति-पत्नी पर अचानक तेंदुए ने हमला कर दिया। दंपती को बचाने दौड़े एक युवक पर भी तेंदुए ने झपट्टा मार दिया। हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए है। घटना के बाद इलाके में दहशत फैल गई है। ग्रामीणों के शोर मचाने पर तेंदुआ पास के एक पेड़ पर चढ़कर बैठ गया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। कई घंटे बीतने के बाद भी तेंदुए को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी है।

घटना दलजीतपुरवा के मजरा पंडित पुरवा गांव की है। गांव निवासी रामेश्वर पासी अपनी पत्नी रामावती के साथ सुबह करीब 10 बजे गन्ने के खेत में पानी लगाने गए थे। दोनों खेत में काम कर रहे थे कि अचानक पीछे से आए तेंदुए ने रामावती पर हमला कर दिया। तेंदुए के हमले से वह खेत में गिर पड़ीं। उनके चेहरे, गर्दन और हाथ में गंभीर चोटें आई हैं। पत्नी की चीख सुनकर रामेश्वर बचाने के लिए दौड़े, लेकिन तेंदुए ने उन पर भी हमला कर दिया।

युवक को भी नहीं छोड़ा

दंपती की आवाज सुनकर पास के खेत में काम कर रहा 17 वर्षीय गोलू आर्या मौके पर पहुंचा। उसने ग्रामीणों को आवाज लगाते हुए तेंदुए को भगाने की कोशिश की, लेकिन तेंदुए ने उस पर भी झपट्टा मार दिया। इस हमले में युवक भी घायल हो गया है। तीनों की चीख-पुकार सुनकर आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और शोर मचाना शुरू कर दिया। लोगों की भीड़ बढ़ती देख तेंदुआ भागकर पास के एक पेड़ पर चढ़ गया और वहीं बैठ गया। घटना के बाद घायल रामावती, रामेश्वर और गोलू को तत्काल मोतीपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है। जहां उनका इलाज चल रहा है। डॉक्टरों के अनुसार तीनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है।

सात घंटे तक बैठा रहा पेड़ पर

घटना के बाद गांव और आसपास के इलाकों में भय का माहौल बना हुआ है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए है। लोगों का आरोप है कि घटना के कई घंटे बाद तक वन विभाग की ओर से तेंदुए को पकड़ने के लिए कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि सुबह करीब साढ़े दस बजे से तेंदुआ पेड़ पर बैठा रहा है। लेकिन विभाग केवल निगरानी करता रहा। हालात को देखते हुए खैरीघाट और मोतीपुर थाने की पुलिस को मौके पर तैनात किया गया है। पुलिस ने ग्रामीणों को पेड़ के पास जाने से रोका और इलाके में सुरक्षा घेरा बनाया है।

वन विभाग ने पिंजड़ा लगाने की बात कही

वन विभाग के रेंजर एसके तिवारी ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजड़ा लगाया जा रहा है। विभाग की टीम लगातार निगरानी कर रही है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने और अकेले खेतों में न जाने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने की कोशिश की जा रही है। जिससे किसी तरह की और अप्रिय घटना न हो।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।