ईडी की रेड पर भड़के विजयन समर्थक: अधिकारियों की गाड़ियों पर पथराव, पूर्व सीएम की बेटी की कंपनी पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप

1 घंटा पहले
अधिकारियों की गाड़ियों पर पथराव, पूर्व सीएम की बेटी की कंपनी पर मनी लॉन्ड्रिंग के आरोप

केरलम में बुधवार को प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्रवाई के दौरान भारी तनाव पैदा हो गया। पूर्व सीएम पिनारई विजयन के समर्थकों ने ईडी टीम पर हमला कर दिया। तिरुवनंतपुरम में विजयन के आवास समेत कई ठिकानों पर चल रही रेड के दौरान बड़ी संख्या में समर्थक मौके पर जमा हो गए और अधिकारियों की गाड़ियों पर पथराव कर दिया। इस दौरान वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए और लाठियों से हमला भी किया गया। घटना के बाद इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया।

जानकारी के अनुसार, ईडी की 12 सदस्यीय टीम बुधवार सुबह करीब सात बजे तिरुवनंतपुरम के बेकरी जंक्शन स्थित पिनारई विजयन के किराए के घर पहुंची थी। इसी घर में उनकी बेटी टी वीणा भी रहती हैं। एजेंसी ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में राज्य के चार शहरों में कुल 10 ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की है। जांच का केंद्र विजयन की बेटी की कंपनी ‘एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस’ और कोचिन मिनरल्स एंड रुटाइल लिमिटेड के बीच हुए कथित संदिग्ध लेन-देन को माना जा रहा है।

दोपहर में बिगड़ा माहौल

रेड की खबर फैलते ही माकपा और सीपीआई कार्यकर्ताओं की भीड़ विजयन के घर के बाहर जुटने लगी। दोपहर करीब दो बजे जब ईडी अधिकारी कार्रवाई पूरी कर बाहर निकले, तब प्रदर्शनकारी उग्र हो गए। जानकारी के मुताबिक, भीड़ ने ईडी की गाड़ियों को घेर लिया और पत्थर, बोतलें तथा डंडों से हमला शुरू कर दिया। कई वाहनों के शीशे टूट गए और मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने किसी तरह अधिकारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

चार शहरों में एक साथ कार्रवाई

ईडी ने तिरुवनंतपुरम के अलावा कन्नूर, कोझिकोड और अलुवा में भी छापेमारी की। कन्नूर में विजयन के पुश्तैनी घर, कोझिकोड में उनके दामाद और माकपा विधायक पी.ए. मोहम्मद रियास के आवास तथा अलुवा में CMRL कंपनी के कॉर्पोरेट कार्यालय और कंपनी के प्रबंध निदेशक शशिधरन कार्था के घर पर तलाशी ली गई।

बेटी की कंपनी पर गंभीर आरोप

ईडी के अनुसार, टी वीणा की कंपनी एक्सालॉजिक सॉल्यूशंस को वर्ष 2018-19 के दौरान CMRL से लगभग 1.72 करोड़ रुपये मासिक भुगतान के रूप में मिले थे, जबकि बदले में किसी सेवा का रिकॉर्ड नहीं मिला। एजेंसी को संदेह है कि यह भुगतान फर्जी लेन-देन के जरिए किया गया। इससे पहले आयकर विभाग ने भी इस मामले में सवाल उठाए थे, जिसके बाद ईडी ने मनी लॉन्ड्रिंग के तहत जांच शुरू की।

विजयन ने केंद्र सरकार पर साधा निशाना

छापेमारी के बाद पिनारई विजयन ने केंद्र सरकार और भाजपा पर राजनीतिक प्रतिशोध का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विपक्षी नेताओं को निशाना बनाना भाजपा की पुरानी रणनीति रही है। विजयन ने तंज कसते हुए कहा कि शायद इस कार्रवाई से राहुल गांधी जैसे लोगों को संतुष्टि मिली होगी। जो पहले सवाल उठा चुके थे कि उनके घर पर रेड क्यों नहीं हो रही है? उधर, एक दिन पहले ही केरल हाईकोर्ट ने CMRL की वह याचिका खारिज कर दी थी। जिसमें ईडी जांच को रद्द करने की मांग की गई थी। अब यह मामला राज्य की राजनीति में बड़ा विवाद बनता जा रहा है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।