रामगढ़ताल पर केंद्रीय मंत्री ने लगाई झाड़ू: बोले-10 वर्षों में बदली शहर की तस्वीर, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण पर दिया जोर

केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू ने गोरखपुर दौरे के दौरान रामगढ़ताल नौकायन क्षेत्र में आयोजित स्वच्छता अभियान में भाग लिया। उन्होंने भाजपा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ हाथ में झाड़ू लेकर सफाई अभियान चलाया। लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकारी कार्यक्रम नहीं है। प्रत्येक नागरिक की सामाजिक जिम्मेदारी है। यदि समाज के सभी लोग स्वच्छता को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना लें तो देश को साफ-सुथरा और स्वस्थ बनाया जा सकता है।
रामगढ़ताल में स्वच्छता अभियान के बाद केंद्रीय मंत्री ने एनेक्सी भवन परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी जरूरत है। जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण को देखते हुए प्रत्येक व्यक्ति को पौधे लगाने के साथ उनकी देखभाल की भी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि हरित वातावरण आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की आधारशिला है।
गोरखपुर के विकास की सराहना
केंद्रीय मंत्री ने गोरखपुर में हुए विकास कार्यों की खुलकर प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि करीब दस वर्ष पहले और वर्तमान गोरखपुर में जमीन-आसमान का अंतर दिखाई देता है। पहले जहां शहर में अव्यवस्था, गंदगी और बुनियादी सुविधाओं की कमी महसूस होती थी। वहीं आज चौड़ी सड़कें, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर, विकसित सार्वजनिक स्थल और आधुनिक सुविधाएं शहर की नई पहचान बन चुकी हैं। उन्होंने कहा कि रामगढ़ताल का कायाकल्प गोरखपुर को नई पहचान देने वाला महत्वपूर्ण विकास कार्य साबित हुआ है।
विपक्ष पर भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ने पश्चिम बंगाल की राजनीति को लेकर भी टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि राज्य में भ्रष्टाचार और जनता के संसाधनों के दुरुपयोग से जुड़े मुद्दों पर विपक्षी नेताओं की बेचैनी साफ दिखाई दे रही है। जनता सब कुछ देख रही है और लोकतंत्र में अंतिम निर्णय जनता ही करती है। उन्होंने विश्वास जताया कि देश और प्रदेश की जनता विकास और सुशासन के पक्ष में खड़ी है।
सेवा और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
तोखन साहू ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर देशभर में सेवा, स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी अभियान के तहत लोगों को स्वच्छता अपनाने, पौधरोपण करने और पर्यावरण संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. धर्मेंद्र सिंह, महानगर अध्यक्ष रमेश प्रताप गुप्ता सहित पार्टी के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का संकल्प लिया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










