मोबाइल पर बातचीत को लेकर विवाद: बहू ने चाकू से सास का रेता गला, पुलिस हिरासत में आरोपी

मोबाइल पर एक युवक से बातचीत करने से मना करने पर सास और बहू के बीच शुरू हुआ विवाद हिंसक हो गया। गुस्साई बहू ने चाकू से सास के गले पर हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें तत्काल एम्स में भर्ती कराया गया। जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने आरोपी बहू को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
एम्स थाना क्षेत्र के मलमलिया जगदीशपुर गांव में यह घटना हुई। गांव निवासी जयहिंद मजदूरी के सिलसिले में बाहर रहते हैं। उनकी पत्नी वंदना रात में मोबाइल पर एक युवक से बात कर रही थी। इसी दौरान सास आशा देवी ने इसका विरोध करते हुए बहू को फोन पर बात करने से मना किया। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गई।
चाकू से गले पर किया हमला
विवाद बढ़ने पर वंदना ने घर में रखा चाकू उठा लिया और आशा देवी के गले पर हमला कर दिया। वार इतना गंभीर था कि वह लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़ीं। परिजनों ने बिना देर किए उन्हें एम्स पहुंचाया। जहां चिकित्सकों की निगरानी में उनका इलाज चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही एम्स थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हमले में प्रयुक्त चाकू कब्जे में लेते हुए आरोपी बहू वंदना को हिरासत में ले लिया। उससे पूछताछ की जा रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।
तहरीर के आधार पर दर्ज होगी कार्रवाई
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मोबाइल पर बातचीत को लेकर सास-बहू के बीच विवाद की बात सामने आई है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









