UPTET परीक्षा देने वाले शिक्षकों को मिलेगा विशेष अवकाश: परीक्षा तिथियों पर मिलेगी छुट्टी, सरकार ने जारी किया आदेश

उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी)-2026 में शामिल होने वाले बेसिक शिक्षा विभाग के कार्यरत शिक्षकों को विशेष अवकाश देने का निर्णय लिया है। शासन ने इस संबंध में आदेश जारी करते हुए शिक्षा विभाग को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव अवधेश कुमार तिवारी द्वारा शिक्षा निदेशक (बेसिक) को जारी आदेश में कहा गया है कि उत्तर प्रदेश शिक्षा सेवा चयन आयोग की ओर से दो, तीन और चार जुलाई 2026 को यूपीटीईटी-2026 का आयोजन किया जाएगा। परीक्षा में बेसिक शिक्षा विभाग के बड़ी संख्या में शिक्षक शामिल होंगे। इसे देखते हुए शासन स्तर पर विचार के बाद परीक्षा में प्रतिभाग करने वाले शिक्षकों को संबंधित परीक्षा तिथियों पर विशेष अवकाश स्वीकृत करने का निर्णय लिया गया है।
जिलों को भेजे गए निर्देश
शासन ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) को निर्देश दिया है कि आदेश का तत्काल अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। इसकी प्रतिलिपि महानिदेशक स्कूल शिक्षा, सचिव बेसिक शिक्षा परिषद प्रयागराज तथा सभी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों को भी आवश्यक कार्रवाई और सूचना के लिए भेज दी गई है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









