विंबलडन में सिनर की दमदार वापसी: मुश्किल हालात में दिखाया चैंपियन वाला जज्बा, जोकोविच और ओसाका ने भी जीते अपने मुकाबले

टेनिस के सबसे प्रतिष्ठित ग्रैंड स्लैम विंबलडन के पहले दिन रोमांचक मुकाबलों का दौर देखने को मिला। डिफेंडिंग चैंपियन जैनिक सिनर ने संघर्षपूर्ण प्रदर्शन करते हुए शुरुआती पिछड़ने के बावजूद शानदार वापसी की और दूसरे दौर में जगह बनाई। वहीं 39 वर्षीय नोवाक जोकोविच ने भी जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की। महिला वर्ग में जापान की नाओमी ओसाका ने सीधे सेटों में जीत दर्ज कर अगले दौर का टिकट हासिल किया।
इटली के जैनिक सिनर का मुकाबला सर्बिया के मियोमिर केकमानोविच से हुआ। एक समय सिनर 1-2 से पीछे चल रहे थे और मैच उनके हाथ से निकलता दिखाई दे रहा था। चौथे सेट के दौरान उनके पैर के अंगूठे का नाखून भी उखड़ गया। इससे जूते में खून दिखाई देने लगा। दर्द के बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और लगातार दो सेट जीतकर मुकाबला 4-6, 6-3, 6-7, 6-2, 6-3 से अपने नाम कर लिया। मैच के बाद सिनर ने कहा कि सेंटर कोर्ट पर पहला मुकाबला खेलना उनके लिए सम्मान की बात थी। शुरुआत में दबाव जरूर महसूस हुआ। लेकिन उन्होंने खुद को संभालते हुए जीत हासिल की।
जोकोविच ने चार सेट में दर्ज की जीत
25वें ग्रैंड स्लैम खिताब की तलाश में उतरे सर्बिया के अनुभवी खिलाड़ी नोवाक जोकोविच ने चीन के वू यिबिंग को चार सेटों में हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। फ्रेंच ओपन में तीसरे दौर की हार के बाद यह उनका पहला मुकाबला था। जीत के बाद जोकोविच ने स्वीकार किया कि मैच काफी चुनौतीपूर्ण रहा और उन्हें कोर्ट पर बिल्कुल ऐसा नहीं लगा कि यह केवल पहला दौर है।
ओसाका की जीत के साथ फैशन भी बना चर्चा का विषय
महिला एकल में चार बार की ग्रैंड स्लैम चैंपियन नाओमी ओसाका ने फ्रांस की एल्सा जैकमोट को 6-1, 7-5 से हराकर दूसरे दौर में प्रवेश किया। मुकाबले से पहले उनका सफेद 'किमोनो' स्टाइल परिधान भी आकर्षण का केंद्र रहा। विंबलडन के पारंपरिक ड्रेस कोड के अनुरूप उनके इस अंदाज की काफी चर्चा हुई। शानदार प्रदर्शन और अनोखे फैशन स्टेटमेंट के साथ ओसाका ने पहले ही दिन प्रशंसकों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









