देवरिया में चहारदीवारी ढहने से महिला की मौत: हादसे में चार लोग मलबे में दबे, तीनों बच्चे खतरे से बाहर

उत्तरप्रदेश|4 घंटे पहले
हादसे में चार लोग मलबे में दबे, तीनों बच्चे खतरे से बाहर

गौरीबाजार थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में पड़ोसी मकान की चहारदीवारी गिरने से 45 वर्षीय महिला की जान चली गई। वहीं, तीन मासूम बच्चे घायल हो गए। घटना उस समय हुई, जब सभी कटरेन शेड के नीचे आराम कर रहे थे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू कर मलबे में दबे सभी लोगों को बाहर निकाला। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

जानकारी के अनुसार, सरौली थाना क्षेत्र के सिंगही (मझगांवा) गांव निवासी फूला देवी अपनी बेटी के घर गौरीबाजार क्षेत्र में चीनी मिल के समीप रह रही थीं। वह कटरेन शेड के नीचे चोटिल (चार), आदित्य (तीन) और करीब ढाई वर्षीय वीर के साथ सो रही थीं। इसी दौरान पड़ोसी मकान की चहारदीवारी अचानक शेड पर गिर गई। इससे चारों मलबे में दब गए। आसपास के लोगों ने तुरंत सभी को निकालकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीबाजार पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने फूला देवी को मृत घोषित कर दिया। तीनों बच्चों का प्राथमिक इलाज किया गया और हालत खतरे से बाहर होने पर उन्हें घर भेज दिया गया।

जर्जर भवनों की जांच की उठी मांग

परिजनों ने बताया कि फूला देवी के पति पंजाब नेशनल बैंक की कोलकाता शाखा में दफ्तरी थे। उनके निधन के बाद वह अपनी बेटी के साथ रह रही थीं। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में जर्जर मकानों और चहारदीवारियों का सर्वे कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।