अमरनाथ यात्रा शुरू; बाबा बर्फानी के खुले कपाट: पहले दिन 9 हजार श्रद्धालु करेंगे दर्शन, पूरे मार्ग पर सुरक्षा और स्वास्थ्य के कड़े इंतजाम

57 दिनों तक चलने वाली पवित्र अमरनाथ यात्रा शुक्रवार से विधिवत शुरू हो गई। यात्रा के पहले दिन गांदरबल जिले के बालटाल और अनंतनाग जिले के नुनवान-पहलगाम बेस कैंप से पहला जत्था बाबा बर्फानी के दर्शन के लिए रवाना हुआ। प्रशासन के अनुसार पहले जत्थे में शामिल श्रद्धालुओं, सुरक्षा बलों और व्यवस्था में लगे कर्मियों सहित करीब नौ हजार लोग शुक्रवार शाम तक पवित्र गुफा पहुंचेंगे। यात्रा को सुरक्षित और सुचारु बनाने के लिए पूरे मार्ग पर विशेष इंतजाम किए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने जम्मू स्थित भगवती बेस कैंप से पहले जत्थे को बालटाल और पहलगाम मार्ग के लिए रवाना किया था। इसके बाद शुक्रवार को 4,822 श्रद्धालु दोनों बेस कैंपों से पवित्र गुफा की ओर रवाना हुए। प्रशासन ने बताया कि यात्रा के दौरान हर दो किलोमीटर पर ऑक्सीजन बूथ स्थापित किए गए हैं। वहीं दोमेल मार्ग पर चार स्थानों पर बड़ी एलईडी स्क्रीन के माध्यम से मौसम की जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। बालटाल मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 12 स्थानों पर वाटरप्रूफ डोम भी बनाए गए हैं।
प्रशासन ने दर्शन के बाद तुरंत लौटने की दी सलाह
अमरनाथ यात्रा पारंपरिक 48 किलोमीटर लंबे नुनवान-पहलगाम मार्ग और 14 किलोमीटर लंबे बालटाल मार्ग से संचालित की जा रही है। यात्रा 28 अगस्त तक चलेगी। शुक्रवार देर शाम दूसरे जत्थे के 3,865 श्रद्धालु कश्मीर पहुंचेंगे। इनमें 1,735 श्रद्धालु 115 वाहनों से बालटाल और 2,130 श्रद्धालु 86 वाहनों से पहलगाम बेस कैंप जाएंगे। शनिवार सुबह इन्हें दर्शन के लिए रवाना किया जाएगा। लगातार बारिश और खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने श्रद्धालुओं को दर्शन के बाद बिना अनावश्यक विलंब किए सुरक्षित वापस लौटने की सलाह दी है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









