बाढ़ सुरक्षा तैयारियों का डीएम ने लिया जायजा: करमैनी बेलौली तटबंध का किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश

आगामी मानसून और संभावित बाढ़ की चुनौतियों को देखते हुए डीएम आलोक कुमार ने मेंहदावल तहसील क्षेत्र स्थित करमैनी बेलौली तटबंध का स्थलीय निरीक्षण किया। राप्ती नदी के दाहिने तट पर चल रही बाढ़ सुरक्षा परियोजनाओं की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लेते हुए उन्होंने संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने ड्रेनेज खंड-2 के अधिशासी अभियंता, सहायक अभियंताओं और जूनियर इंजीनियरों से बाढ़ सुरक्षा कार्यों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानसून के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी सुरक्षात्मक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष निगरानी के निर्देश
डीएम ने अधिकारियों को तटबंध के संवेदनशील स्थलों की नियमित निगरानी करने तथा आवश्यक संसाधनों और सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि बाढ़ नियंत्रण से जुड़े सभी कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप और तय समयसीमा में पूरे किए जाएं। जिससे क्षेत्रीय जनता को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता
उन्होंने कहा कि जनसुरक्षा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। बाढ़ से बचाव की तैयारियों में किसी भी स्तर पर शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। प्रशासन का उद्देश्य मानसून से पहले सभी तैयारियों को अंतिम रूप देकर संभावित बाढ़ के प्रभाव को न्यूनतम करना है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










