हाईवे पर मौत का तांडव: दो हादसों में 4 की गई जान; 5 घायल, घायलों की मदद कर रहे लोगों को SUV ने रौंदा

करनैलगंज कोतवाली क्षेत्र में बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने चार लोगों की जान ले ली। जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। गोंडा-लखनऊ हाईवे स्थित संतोष ढाबा के पास पहले दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर हुई। इसके बाद घायलों को सड़क से हटाने और उनकी मदद में जुटे लोगों पर एक तेज रफ्तार एसयूवी चढ़ गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार रात करीब 10:15 बजे हाईवे पर दो बाइक सवारों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान गोंडा से लखनऊ की ओर जा रही एक तेज रफ्तार एसयूवी अनियंत्रित हो गई और सड़क पर मौजूद लोगों को कुचलते हुए निकल गई। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो घायलों की स्थिति गंभीर
दुर्घटना में गुलशन (25), हसन मोहम्मद (40), इम्तियाज अली (27) और संजय कुमार तिवारी की मौत हो गई। हसन मोहम्मद और इम्तियाज अली सगे भाई थे और दोनों क्षेत्र में सैलून का व्यवसाय करते थे। वहीं विनय प्रताप सिंह (26), परवेज (25), अंशुमान (10) समेत पांच लोग घायल हुए हैं। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। जहां उनका इलाज जारी है। दो घायलों की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
अस्पताल पहुंचे विधायक और डीएम
हादसे की सूचना मिलते ही करनैलगंज कोतवाल नरेंद्र प्रताप राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। भाजपा विधायक अजय सिंह और जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन भी अस्पताल पहुंचीं और घायलों का हालचाल जाना।
प्रशासन ने दिए सख्त कार्रवाई के संकेत
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने बताया कि हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और पांच लोग घायल हैं। उन्होंने कहा कि दुर्घटना के लिए जिम्मेदार चालक के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन का पंजीकरण और चालक का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त कराने की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









