हेयर केयर में न करें यह गलती: सही हेयर ऑयल बनेगा बालों का डॉक्टर, बस हेयर टाइप पहचानना है जरूरी

आज के समय में बालों से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। किसी को अत्यधिक हेयर फॉल की परेशानी है, तो कोई डैंड्रफ और ऑयली स्कैल्प से जूझ रहा है। वहीं बड़ी संख्या में लोग ड्राई, फ्रिजी और बेजान बालों की समस्या का सामना कर रहे हैं। ऐसे में अधिकांश लोग बिना अपने हेयर टाइप को समझे बाजार में उपलब्ध कोई भी हेयर ऑयल इस्तेमाल करना शुरू कर देते हैं। हालांकि हेयर केयर एक्सपर्ट्स का मानना है कि हर तेल हर तरह के बालों के लिए उपयुक्त नहीं होता। गलत तेल का चुनाव कई बार समस्याओं को कम करने के बजाय और बढ़ा सकता है।
एक्सपर्ट्स के अनुसार बालों की बनावट और स्कैल्प की स्थिति को समझना बेहद जरूरी है। अलग-अलग प्रकार के बालों की जरूरतें भी अलग होती हैं। जहां रूखे और क्षतिग्रस्त बालों को गहरी नमी और पोषण की आवश्यकता होती है। वहीं ऑयली स्कैल्प वाले लोगों को ऐसे तेल की जरूरत होती है जो अतिरिक्त तेल और गंदगी को नियंत्रित करने में मदद करे। इसी तरह बाल झड़ने और समय से पहले सफेद होने की समस्या में ऐसे तेल अधिक प्रभावी माने जाते हैं जो जड़ों को पोषण देने के साथ स्कैल्प को स्वस्थ बनाए रखें।
ड्राई और फ्रिजी बालों के लिए ये तेल हैं फायदेमंद
यदि आपके बाल रूखे, बेजान और जल्दी टूटने वाले हैं तो तिल का तेल, बादाम का तेल और अरंडी का तेल बेहतर विकल्प हो सकते हैं। इन तेलों में मौजूद आवश्यक फैटी एसिड, विटामिन और पोषक तत्व बालों को गहराई से पोषण प्रदान करते हैं। नियमित उपयोग से बालों की नमी बनी रहती है और ड्राइनेस कम हो सकती है। साथ ही बाल अधिक मुलायम और चमकदार दिखाई देते हैं।
हेयर फॉल और सफेद बालों की समस्या में करें इन तेलों का उपयोग
लगातार बाल झड़ना, बालों का पतला होना और कम उम्र में सफेद बाल आना आज एक आम समस्या बन चुकी है। ऐसे में नारियल तेल, भृंगराज तेल और आंवला तेल काफी उपयोगी माने जाते हैं। ये तेल स्कैल्प को ठंडक पहुंचाने के साथ बालों की जड़ों को मजबूत बनाने में मदद करते हैं। एक्सपर्ट्स का कहना है कि नियमित तेल मालिश से रक्त संचार बेहतर होता है। जिससे बालों को आवश्यक पोषण मिल सकता है।
ऑयली स्कैल्प और डैंड्रफ में कौन सा तेल रहेगा बेहतर
ऑयली स्कैल्प वाले लोगों को अक्सर खुजली, चिपचिपाहट और डैंड्रफ जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सरसों का तेल, नीम का तेल और टी ट्री ऑयल युक्त हेयर ऑयल फायदेमंद साबित हो सकते हैं। इन तेलों में मौजूद प्राकृतिक गुण स्कैल्प को साफ रखने और अतिरिक्त तेल को नियंत्रित करने में मदद कर सकते हैं। इससे डैंड्रफ की समस्या में भी राहत मिल सकती है।
हेयर ऑयलिंग करते समय रखें इन बातों का ध्यान
विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि बालों में जरूरत से अधिक तेल नहीं लगाना चाहिए। तेल लगाते समय हल्के हाथों से स्कैल्प की मसाज करनी चाहिए। लंबे समय तक तेल को बालों में जमा नहीं रहने देना चाहिए। सामान्य तौर पर सप्ताह में एक या दो बार तेल लगाना पर्याप्त माना जाता है। इसके अलावा अपने स्कैल्प और बालों की जरूरत के अनुसार ही तेल का चयन करना चाहिए।
सिर्फ तेल नहीं, संतुलित आहार भी है जरूरी
स्वस्थ और मजबूत बालों के लिए केवल हेयर ऑयल पर निर्भर रहना पर्याप्त नहीं है। प्रोटीन, आयरन, बायोटिन, विटामिन-सी और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर संतुलित आहार भी जरूरी है। पर्याप्त मात्रा में पानी पीना, तनाव को नियंत्रित रखना और अच्छी जीवनशैली अपनाना भी बालों की सेहत के लिए महत्वपूर्ण माना जाता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि सही तेल और बेहतर खानपान का संयोजन ही बालों को लंबे समय तक स्वस्थ, घना और मजबूत बनाए रखने में मदद कर सकता है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









