मानसून में उमस और सीलन को रखना होगा दूर: घर में बढ़ जाती है बदबू, स्वास्थ्य पर भी पड़ता है असर

बरसात की फुहारें मन को सुकून देती हैं, लेकिन यही मौसम घर के अंदर उमस, सीलन और बंद हवा की परेशानी भी बढ़ा देता है। लगातार बंद रहने वाली खिड़कियां, बढ़ती नमी और कम वेंटिलेशन के कारण घर का वातावरण भारी और असहज महसूस होने लगता है। इसका असर केवल आराम पर ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य पर भी पड़ता है।
बारिश के मौसम में घर को कूल और फ्रेश रखने के लिए आपको उमस और सीलन को दूर रखना होगा। मॉनसून के दौरान अक्सर लोग कुछ ऐसी गलतियां कर बैठते हैं जिससे घर में बदबू और चिपचिपाहट बढ़ जाती है।
कुछ आसान उपाय अपनाकर हम अपने घर को ताजगी से भरपूर, हवादार और खुशनुमा बनाए रख सकते हैं। सही एयर फ्लो, नियंत्रित नमी और थोड़ी-सी सावधानी हमारे घर को पूरे मौसम आरामदायक बनाए रखेगी।
वेंटिलेशन के लिए खिड़की-दरवाजों को खोलकर रखें
बरसात के मौसम में खिड़की-दरवाजों का सही उपयोग घर को हवादार और स्वस्थ बनाए रखता है। खिड़कियां हमेशा बंद रखने से घुटन और सीलन बढ़ सकती है, जबकि सही समय पर इसे खोलने से ताजी हवा आती है।
इसलिए तेज बारिश के समय इन्हें बंद रखें, लेकिन सुबह या शाम हल्की बारिश में खोलकर वेंटिलेशन बनाए रखें। आमने-सामने की खिड़कियां हवा के आवागमन को बेहतर करती हैं। वहीं, जाली लगाने से कीड़े-मकौड़ों से भी सुरक्षा मिलती है।
कमरों में बनाए हवा का रास्ता
बरसात में हवा में नमी बढ़ने से दीवारों, फर्नीचर और कपड़ों में सीलन आ सकती है। वहीं, ज्यादा नमी से फफूंदी, बदबू और एलर्जी जैसी समस्याएं भी बढ़ जाती हैं। सामान्य तौर पर घर के अंदर 40-60 प्रतिशत नमी (ह्यूमिडिटी) का स्तर आरामदायक माना जाता है। इसलिए एयर फ्लो बेहतर रखने के लिए कमरे में हवा का रास्ता खुला रखें। फर्नीचर को दीवार से थोड़ा दूर रखें, ताकि पीछे की जगह में भी हवा पहुंच सके।
पंखे और एग्जॉस्ट फैन भी करते है मदद
बरसात में पंखे भी हवा के संचार में मदद करते हैं। सीलिंग फैन को सामान्य गति पर चलाने से कमरे की हवा घूमती रहती है। किचन और बाथरूम में एग्जॉस्ट फैन लगाने से बंद हवा बाहर निकलती है और ताजगी बनी रहती है। हालांकि, गरम और उमस भरे दिनों में घर में नमी बढ़ सकती है, जिससे एचवीएसी सिस्टम को अधिक मेहनत करनी पड़ती है।
वातावरण को बेहतर बनाने में करते हैं मदद
जैसा कि आप जानते हैं कि इनडोर पौधे घर के वातावरण को बेहतर बनाने में मदद करते हैं। मगर बरसात में अधिक पानी वाले गमले घर के अंदर नहीं रखने चाहिए, क्योंकि इससे नमी बढ़ सकती है। पौधों की सही देखभाल करें और कमरे में अनावश्यक सामान जमा न होने दें। खुले और साफ स्थान में हवा का प्रवाह ज्यादा अच्छा रहता है। नियमित सफाई धूल और बदबू नहीं होने देती।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









