एलपीजी सिलिंडर में लीकेज की समस्या को न करें नजरअंदाज: थोड़ी सी लापरवाही पड़ सकती है भारी, टोल-फ्री इमरजेंसी नंबर पर करे कॉल

कई बार ऐसा होता है कि गैस में लीकेज होने पर लोग बहुत परेशान हो जाते हैं, जो की स्वाभाविक भी है। मगर ऐसी स्थिति में कुछ सावधानियां बरतना बहुत जरूरी है, क्योंकि एक छोटी सी गलती भी बड़े दुर्घटना का कारण बन सकती है। किचन में खाना पकाने के लिए एलपीजी सिलिंडर का इस्तेमाल आज ज्यादातर घरों में किया जाता है, लेकिन थोड़ी सी भी लापरवाही एक बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है। कई बार ऐसा होता है कि सिलिंडर या चूल्हे के पाइप से गैस लीक होने लगती है, जिसकी एक अजीब और तेज गंध पूरे घर में फैल जाती है।
ऐसी आपात स्थिति में घबराने के बजाय तुरंत सूझबूझ से काम लेना सबसे ज्यादा जरूरी होता है ताकि आग लगने या किसी भी बड़े खतरे को टाला जा सके। एलपीजी सिलिंडर में लीकेज का पता चलते ही सबसे पहले गैस का रेगुलेटर बंद करें, सभी खिड़की-दरवाजे खोल दें, और घर के किसी भी बिजली के स्विच को चालू या बंद न करें। किसी भी बड़ी दुर्घटना से बचने के लिए तुरंत खुली लपटों को बुझा दें और गैस एजेंसी या टोल-फ्री इमरजेंसी नंबर 1906 पर कॉल करें।
बंद करे रेगुलेटर का नॉब
गैस लीकेज की गंध आते ही सबसे पहले अपने सिलिंडर का मुख्य रेगुलेटर नॉब बंद कर दें। इसके साथ ही चूल्हे के सभी बर्नर के नॉब भी तुरंत ऑफ कर दें ताकि गैस का रिसाव रुक सके।
खिड़कियों और दरवाजों को खोल दें
कमरे और रसोई घर की सभी खिड़कियां और दरवाजे तुरंत पूरी तरह खोल दें। इससे जमा हुई गैस बाहर निकल जाएगी और हवा का नया बहाव शुरू हो सकेगा।
बिजली का कोई भी स्विच ऑन-ऑफ न करें
लीक हो रही गैस में बिजली का हल्का सा स्पार्क भी तुरंत आग लगा सकती है। इसलिए घर के अंदर बिजली का कोई भी स्विच, मोबाइल या टॉर्च ऑन-ऑफ बिल्कुल न करें।
सभी सदस्यों को सुरक्षित घर से बाहर लेकर जाये
घर के सभी सदस्यों को लेकर तुरंत सुरक्षित खुले स्थान पर बाहर आ जाएं। इसके बाद अपने गैस वितरक या आपातकालीन हेल्पलाइन नंबर पर कॉल करके इसकी तुरंत सूचना दें। कई बार मदद आने में देरी हो सकती है, इसलिए ऐसी आपातकालीन स्थिति में आप चाहें तो आस-पास के किसी समझदार व्यक्ति को पूरी बात बताएं और उनसे मदद मांगे।










