बॉडी को मजबूत बनायेगा काला चना: पेट को लंबे समय तक रखे भरा, पाचन तंत्र को बनाये बेहतर

आज की भागदौड़ भरी जिंदगी में कई लोग कमजोरी, थकान और कम ऊर्जा जैसी समस्याओं से परेशान रहते हैं। ऐसे समय में शरीर को मजबूत बनाए रखने के लिए सही डाइट का होना बेहद जरूरी है। अगर आपके साथ भी वही दिक्कत है तो महंगे सप्लीमेंट्स के बजाय घर में आसानी से मिलने वाली पौष्टिक चीजें भी काफी फायदेमंद साबित हो सकती हैं।
इन्हीं चीजों में शामिल है काला चना, जो प्रोटीन, फाइबर, आयरन और कई जरूरी पोषक तत्वों से भरपूर होता है। खास बात यह है कि काला चना सस्ता होने के साथ-साथ लंबे समय तक पेट भरा रखने में भी मदद करता है। हालांकि, किसी भी खाद्य पदार्थ का सेवन संतुलित मात्रा में करना जरूरी है।
शरीर को ऊर्जा और मांसपेशियों को बनाये मजबूत
काले चने में कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन की अच्छी मात्रा पाई जाती है। यह शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देने में मदद करता है। जो लोग कमजोरी या जल्दी थकान महसूस करते हैं, उनके लिए काला चना एक अच्छा पौष्टिक विकल्प हो सकता है। काले चने में मौजूद प्रोटीन मांसपेशियों के निर्माण और उनकी मरम्मत में सहायक होता है। जो लोग एक्सरसाइज या वर्कआउट करते हैं, वे इसे अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
खून की कमी और पाचन तंत्र के लिए अच्छा
काले चने में आयरन पाया जाता है, जो शरीर में हीमोग्लोबिन बनाने में मदद करता है। आयरन की कमी से होने वाली थकान और कमजोरी को दूर करने के लिए आयरन युक्त खाद्य पदार्थों का सेवन जरूरी होता है। काले चने में फाइबर भरपूर मात्रा में होता है, जो पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है। यह कब्ज की समस्या को कम करने और पेट को लंबे समय तक भरा रखने में सहायक हो सकता है।
वजन और ब्लड शुगर को करे कंट्रोल
फाइबर और प्रोटीन से भरपूर होने के कारण काला चना खाने के बाद लंबे समय तक भूख कम लग सकती है। इससे बार-बार खाने की आदत को नियंत्रित करने में मदद मिल सकती है। काले चने का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिससे यह ब्लड शुगर को तेजी से बढ़ाने के बजाय धीरे-धीरे ऊर्जा प्रदान करता है। हालांकि, डायबिटीज के मरीजों को अपनी डाइट डॉक्टर की सलाह के अनुसार तय करनी चाहिए।
संतुलित मात्रा में करे सेवन
रातभर काले चने को पानी में भिगोकर रखें और सुबह खाएं। अंकुरित काले चने भी पौष्टिक विकल्प हो सकते हैं। आप चाहें तो रातभर चने को भिगोने के बाद उगले दिन उबालकर भी खा सकते हैं। स्वाद के लिए इसमें नींबू, प्याज, टमाटर और हल्के मसाले मिला सकते हैं। ज्यादा मात्रा में खाने से गैस या पेट फूलने की समस्या हो सकती है, इसलिए संतुलित मात्रा में सेवन करें
पेट से जुड़े मरीज बरते सावधानी
जिन लोगों को गैस या पेट से जुड़ी समस्या रहती है, वे कम मात्रा से शुरुआत करें। किडनी से जुड़ी बीमारी वाले लोग डॉक्टर की सलाह लें। किसी भी एक खाद्य पदार्थ को पूरी डाइट का विकल्प न बनाएं










