मानसून में नारियल तेल से करें स्कैल्प मसाज: तेल की ज्यादा मात्रा बढ़ा सकता है डैंड्रफ और फंगल की समस्या, परेशानी बढ़ने पर लें डॉक्टर की सलाह

बारिश के मौसम में नमी बढ़ने के कारण बालों और स्कैल्प की देखभाल करना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। इस मौसम में कई लोगों को बाल चिपचिपे होने, डैंड्रफ, खुजली और हेयर फॉल की समस्या परेशान करने लगती है। ऐसे में कई लोग परेशान रहते है कि बारिश में बालों में नारियल का तेल लगाना चाहिए या इससे बाल ज्यादा झड़ सकते हैं।
दरअसल, नारियल तेल बालों की देखभाल में लंबे समय से इस्तेमाल किया जाता रहा है और यह बालों की नमी बनाए रखने तथा बालों को होने वाले कुछ तरह के नुकसान को कम करने में मदद कर सकता है। लेकिन बारिश के मौसम में इसे लगाने का तरीका और मात्रा महत्वपूर्ण हो सकती है। अगर स्कैल्प पहले से बहुत ऑयली है या डैंड्रफ और फंगल समस्या है, तो ज्यादा तेल लगाने से परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए मानसून में नारियल तेल पूरी तरह बंद करने की जरूरत नहीं है, बल्कि अपनी स्कैल्प की स्थिति के अनुसार इसका इस्तेमाल करना बेहतर है।
प्रोटीन लॉस को कम करने में मदद
सामान्य तौर पर बारिश के मौसम में नारियल तेल लगाया जा सकता है। लेकिन इसे बहुत ज्यादा मात्रा में लगाकर लंबे समय तक स्कैल्प पर छोड़ना जरूरी नहीं है। नारियल तेल बालों के शाफ्ट में प्रवेश कर सकता है और बालों में प्रोटीन लॉस को कम करने में मदद कर सकता है। हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि यह हर तरह के हेयर फॉल का इलाज है।
बाल झड़ने का कारण नहीं है नारियल तेल
सीधे तौर पर नारियल तेल बाल झड़ने का सामान्य कारण नहीं माना जाता हैं। लेकिन कुछ लोगों में स्कैल्प पर तेल लगाने के बाद खुजली, जलन या डैंड्रफ जैसी समस्या बढ़ सकती है। ऐसी स्थिति में बाल टूटने या झड़ने की समस्या ज्यादा महसूस हो सकती है। बाल झड़ने के पीछे आनुवंशिक कारण, हार्मोनल बदलाव, तनाव, पोषण की कमी, स्कैल्प की समस्या और कई अन्य वजह हो सकते हैं।
मानसून में नारियल तेल लगाने का सही तरीका
जरूरत के हिसाब से थोड़ी मात्रा में तेल लें और स्कैल्प की मसाज करें। बहुत ज्यादा तेल लगाकर स्कैल्प को चिपचिपा न रखें। तेल लगाने के बाद बालों को अच्छी तरह धो लें। गीले बालों में जोर से कंघी न करें। अगर डैंड्रफ या स्कैल्प में खुजली बढ़ रही है, तो तेल का इस्तेमाल रोककर डॉक्टर की सलाह लें। लगातार या अचानक बहुत ज्यादा बाल झड़ रहे हों तो डर्मेटोलॉजिस्ट से जांच कराएं।










