अमरूद का फल ही नहीं पत्तियां भी है फायदेमंद: विटमिन सी के साथ फाइबर और अन्य पोषक तत्व होते है मौजूद, बन सकता है संतुलित डाइट का हिस्सा

वैसे तो सभी फल शरीर के लिए काफी फायदेमंद माने जाते हैं। लेकिन अमरूद एक ऐसा फल है जो स्वाद के साथ-साथ कई पोषक तत्वों के लिए जाना जाता है। इसमें विटामिन C, फाइबर और कई अन्य पोषक तत्व पाए जाते हैं, जो संतुलित डाइट का हिस्सा बन सकते हैं। लेकिन अमरूद के साथ-साथ इसके पेड़ की पत्तियों का भी पारंपरिक रूप से इस्तेमाल किया जाता रहा है।
कई जगहों पर अमरूद की कोमल पत्तियों से बनी चाय या काढ़े का सेवन किया जाता है। । अमरूद की पत्तियों में एंटीऑक्सीडेंट, एंटीबैक्टीरियल और एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाए जाते हैं, जो पाचन क्रिया को सुधारने, ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने और वजन घटाने में बहुत मददगार साबित होते हैं।
अपच में दे सकता है राहत
अमरूद की पत्तियों का इस्तेमाल पारंपरिक रूप से पाचन संबंधी परेशानियों के लिए किया जाता रहा है। कुछ शुरुआती शोधों में अमरूद की पत्तियों के अर्क और दस्त जैसे लक्षणों के बीच संभावित लाभ देखा गया है। फिर भी लगातार दस्त, पेट दर्द या उल्टी होने पर घरेलू नुस्खे के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है।
भोजन के बाद ब्लड ग्लूकोज बढ़ने का प्रभाव
अमरूद की पत्तियों में मौजूद कुछ पौधों के यौगिकों पर ब्लड शुगर से संबंधित अध्ययन किए गए हैं। कुछ रिसर्च में अमरूद की पत्तियों के अर्क से भोजन के बाद ब्लड ग्लूकोज बढ़ने की प्रक्रिया पर संभावित प्रभाव देखा गया है। लेकिन डायबिटीज की दवा लेने वाले लोगों को बिना चिकित्सकीय सलाह के अमरूद की पत्तियों का अर्क या सप्लीमेंट इस्तेमाल नहीं करना चाहिए।
ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस पर भी प्रभाव
अमरूद की पत्तियों में पॉलीफेनोल और फ्लेवोनॉयड जैसे एंटीऑक्सीडेंट यौगिक मौजूद होते हैं। ये शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस से जुड़े कारकों पर प्रभाव डाल सकते हैं।
अमरूद की पत्तियों का इस्तेमाल
कुछ लोग अमरूद की साफ और कोमल पत्तियों से चाय बनाकर पीते हैं। इसके लिए पत्तियों को अच्छी तरह धोना जरूरी है। बाजार से मिलने वाले पत्तियों के अर्क या सप्लीमेंट का इस्तेमाल बिना विशेषज्ञ की सलाह के नहीं करना चाहिए, खासकर अगर आप पहले से कोई दवा लेते हैं। आप इसे सीधा चबा भी सकते हैं,लेकिन चबाने से पहले इसको अच्छे से धोयें। कई जगहों पर अमरूद की कोमल पत्तियों को चबाने या उनसे कुल्ला करने की पारंपरिक प्रथा रही है। कुछ अध्ययनों में अमरूद की पत्तियों के अर्क के एंटीमाइक्रोबियल गुणों पर भी शोध हुआ है।










