खराब आदतों से दिमाग पर पड़ता है नकारात्मक प्रभाव: नींद की कमी के साथ स्क्रीन टाइम से बचें, संतुलित आहार का सेवन करें

आधुनिक दौर में तनाव, अनियमित दिनचर्या, खराब खानपान, नींद की कमी और डिजिटल स्क्रीन का अत्यधिक उपयोग हमारे दिमाग पर नकारात्मक प्रभाव डाल रहे हैं। ऐसे में स्वस्थ आदतें अपनाकर न केवल याददाश्त और एकाग्रता को बेहतर बनाया जा सकता है, बल्कि अल्जाइमर, स्ट्रोक और डिमेंशिया जैसी गंभीर समस्याओं के जोखिम को भी कम किया जा सकता है।
विशेषज्ञ बताते है कि नियमित व्यायाम, पौष्टिक खानपान, पर्याप्त नींद और मानसिक रूप से सक्रिय रहने की आदतों से दिमाग को स्वस्थ रखा जा सकता है। रोजाना कम से कम 30 मिनट टहले। योग या कसरत करने से दिमाग में रक्त संचार बेहतर होता है। अपनी डाइट में हरी सब्जियां, मेवे और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर खाद्य पदार्थ शामिल करें। याददाश्त और मस्तिष्क की मरम्मत के लिए रोजाना 7-8 घंटे की गुणवत्तापूर्ण नींद लें। धूम्रपान, शराब, अत्यधिक जंक फूड और बहुत ज्यादा स्क्रीन टाइम से बचें।
कोशिकाओं की मरम्मत करती है 7-8 घंटे की नींद
अच्छी और पर्याप्त नींद मस्तिष्क के लिए किसी प्राकृतिक दवा से कम नहीं है। जब हम सोते हैं, तब दिमाग पूरे दिन की जानकारी को व्यवस्थित करता है, नई यादों को लंबे समय तक सुरक्षित रखता है और क्षतिग्रस्त कोशिकाओं की मरम्मत करता है। नींद की कमी से याददाश्त कमजोर हो सकती है, एकाग्रता में कमी आ सकती है और तनाव का स्तर बढ़ सकता है। विशेषज्ञ वयस्कों को हर दिन कम से कम 7 से 8 घंटे की गुणवत्ता वाली नींद लेने की सलाह देते हैं। सोने से पहले मोबाइल और लैपटॉप का इस्तेमाल कम करने से भी बेहतर नींद आती है।
दिमाग को स्वस्थ्य रखता है संतुलित आहार
मस्तिष्क को सही तरीके से काम करने के लिए पोषक तत्वों की जरूरत होती है। हरी पत्तेदार सब्जियां, मौसमी फल, साबुत अनाज, अखरोट, बादाम, अलसी के बीज और ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर मछली जैसे खाद्य पदार्थ दिमाग को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। एंटीऑक्सीडेंट और विटामिन से भरपूर भोजन मस्तिष्क की कोशिकाओं को नुकसान से बचाता है। वहीं, जंक फूड, अधिक चीनी और प्रोसेस्ड फूड का ज्यादा सेवन ब्रेन फंक्शन पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है।
नियमित व्यायाम से मानसिक समस्याओं का खतरा कम
रोजाना कम से कम 30 मिनट तक व्यायाम करने से शरीर के साथ-साथ दिमाग भी स्वस्थ रहता है। तेज चाल से चलना, दौड़ना, योग, साइकिलिंग या हल्की एक्सरसाइज मस्तिष्क में रक्त संचार को बेहतर बनाती है, जिससे ऑक्सीजन और पोषक तत्व आसानी से पहुंचते हैं। नियमित शारीरिक गतिविधि तनाव कम करने, मूड बेहतर बनाने और याददाश्त मजबूत करने में भी मदद करती है। कई शोध बताते हैं कि नियमित व्यायाम से उम्र बढ़ने के साथ होने वाली मानसिक समस्याओं का खतरा भी कम हो सकता है।
सीखने की आदत दिमाग को रखती है फिट
जिस तरह शरीर को फिट रखने के लिए व्यायाम जरूरी है, उसी तरह दिमाग को सक्रिय रखने के लिए मानसिक व्यायाम भी आवश्यक है। रोजाना किताब पढ़ना, पजल हल करना, सुडोकू खेलना, शतरंज खेलना या नई भाषा और नई स्किल सीखना मस्तिष्क की कार्यक्षमता बढ़ाने में मदद करता है। इससे सोचने-समझने की क्षमता बेहतर होती है और याददाश्त भी मजबूत रहती है। नई चीजें सीखने की आदत दिमाग की कोशिकाओं को लगातार सक्रिय बनाए रखती है।
मेडिटेशन और योग से तनाव कम
लगातार तनाव मस्तिष्क के स्वास्थ्य पर बुरा असर डाल सकता है। लंबे समय तक तनाव रहने से एकाग्रता, निर्णय लेने की क्षमता और याददाश्त प्रभावित हो सकती है। तनाव को कम करने के लिए मेडिटेशन, योग, गहरी सांस लेने की तकनीक, संगीत सुनना या अपनी पसंदीदा गतिविधियों में समय बिताना फायदेमंद हो सकता है। दिन में कुछ मिनट ध्यान लगाने से मानसिक शांति मिलती है और दिमाग अधिक सक्रिय व संतुलित रहता है।
धूम्रपान और शराब से गंभीर बीमारियों का खतरा
धूम्रपान और अत्यधिक शराब का सेवन मस्तिष्क की कोशिकाओं को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे याददाश्त कमजोर होने, सोचने-समझने की क्षमता घटने और स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। निकोटीन और अल्कोहल रक्त वाहिकाओं पर भी नकारात्मक प्रभाव डालते हैं, जिससे मस्तिष्क तक पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं पहुंच पाती। यदि लंबे समय तक ब्रेन हेल्थ को बेहतर बनाए रखना है, तो इन आदतों से दूरी बनाना सबसे अच्छा विकल्प है।
स्क्रीन टाइम से भी बढ़ता है मानसिक तनाव
आज के डिजिटल दौर में मोबाइल, लैपटॉप और टीवी का अधिक उपयोग आम बात हो गई है, लेकिन जरूरत से ज्यादा स्क्रीन टाइम मस्तिष्क पर नकारात्मक प्रभाव डाल सकता है। लंबे समय तक स्क्रीन देखने से आंखों में थकान, सिरदर्द, नींद की समस्या और मानसिक तनाव बढ़ सकता है। लगातार सोशल मीडिया का इस्तेमाल भी ध्यान भटकाने और एकाग्रता कम करने का कारण बन सकता है। इसलिए हर 30 से 40 मिनट के बाद कुछ देर का ब्रेक लें और सोने से कम से कम एक घंटा पहले स्क्रीन से दूरी बना लें।
नियमित जांच से लंबे समय तक मस्तिष्क रहता है स्वस्थ्य
ब्रेन हेल्थ केवल मानसिक गतिविधियों पर ही नहीं, बल्कि शरीर के संपूर्ण स्वास्थ्य पर भी निर्भर करती है। हाई ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, हाई कोलेस्ट्रॉल और मोटापा जैसी समस्याएं स्ट्रोक और अन्य न्यूरोलॉजिकल बीमारियों का खतरा बढ़ा सकती हैं। इसलिए समय-समय पर हेल्थ चेकअप कराना, ब्लड प्रेशर और ब्लड शुगर की जांच करवाना तथा डॉक्टर की सलाह के अनुसार इलाज कराना जरूरी है। नियमित जांच से बीमारियों का समय रहते पता चल जाता है और मस्तिष्क को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद मिलती है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









