हर 'हेल्दी' फूड नहीं होता सेहतमंद: जानिए दावों की असली सच्चाई, फिटनेस के नाम पर हो रही है मार्केटिंग

जानिए दावों की असली सच्चाई, फिटनेस के नाम पर हो रही है मार्केटिंग

आज के दौर में फिटनेस और वजन घटाने को लेकर लोगों में जागरूकता तेजी से बढ़ी है। इसी का फायदा उठाते हुए बाजार में ऐसे कई खाद्य उत्पाद उपलब्ध हैं, जिन्हें “डाइट”, “लो-फैट”, “हाई-प्रोटीन” और “हेल्दी” जैसे आकर्षक टैग के साथ बेचा जाता है। सोशल मीडिया, टीवी विज्ञापनों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर इनके जरिए तेजी से वजन कम करने के दावे किए जाते हैं।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि कोई भी एक खाद्य पदार्थ या उत्पाद अकेले वजन घटाने का जादुई समाधान नहीं हो सकता। संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, पर्याप्त नींद और स्वस्थ जीवनशैली ही फिटनेस का वास्तविक आधार हैं। ऐसे में जरूरी है कि उपभोक्ता इन तथाकथित हेल्दी फूड्स की वास्तविकता को समझें।

डाइट नमकीन

डाइट नमकीन को अक्सर सामान्य नमकीन की तुलना में बेहतर विकल्प माना जाता है। हालांकि इसमें कम तेल होने का दावा किया जाता है। लेकिन इसमें रिफाइंड कार्बोहाइड्रेट, नमक और वसा की मात्रा मौजूद रहती है। अधिक मात्रा में सेवन करने पर यह कैलोरी बढ़ा सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार "डाइट" शब्द कई बार केवल मार्केटिंग रणनीति का हिस्सा होता है। इसलिए इसका सेवन सीमित मात्रा में ही करना चाहिए।

प्रोटीन बार

फिटनेस प्रेमियों के बीच प्रोटीन बार काफी लोकप्रिय हैं। हालांकि सभी प्रोटीन बार स्वास्थ्य के लिए समान रूप से लाभदायक नहीं होते। कई उत्पादों में अतिरिक्त शुगर, प्रिजर्वेटिव्स और कृत्रिम फ्लेवर शामिल होते हैं। यदि इन्हें नियमित स्नैक की तरह खाया जाए तो अतिरिक्त कैलोरी शरीर में पहुंच सकती है। सही ब्रांड और संतुलित मात्रा में सेवन करने पर ही इनका लाभ मिलता है।

मसाला ओट्स

मसाला ओट्स को हेल्दी ब्रेकफास्ट के रूप में प्रचारित किया जाता है। हालांकि पैकेज्ड मसाला ओट्स में सोडियम और प्रोसेस्ड सामग्री भी शामिल होती है। यह भूख को कुछ समय के लिए नियंत्रित कर सकता है।लेकिन लंबे समय तक वजन प्रबंधन के लिए घर पर तैयार सादे ओट्स अधिक बेहतर विकल्प माने जाते हैं।

डाइट बिस्किट

डाइट बिस्किट को अक्सर शुगर फ्री या हेल्दी स्नैक के रूप में प्रस्तुत किया जाता है। लेकिन इनमें रिफाइंड मैदा, तेल और कृत्रिम स्वीटनर मौजूद हो सकते हैं। यह तुरंत ऊर्जा तो देते हैं। लेकिन लंबे समय तक पेट भरा रखने में सक्षम नहीं होते।

कॉर्न फ्लैक्स

कॉर्न फ्लैक्स को हल्का और पौष्टिक नाश्ता माना जाता है। हालांकि कई पैकेज्ड उत्पादों में अतिरिक्त शुगर और प्रोसेसिंग होती है। इसके कारण यह जल्दी पच जाता है। कुछ समय बाद फिर भूख लग सकती है। हाई-फाइबर और बिना शुगर वाले विकल्प अपेक्षाकृत बेहतर माने जाते हैं।

फ्लेवर्ड योगर्ट

फ्लेवर्ड योगर्ट देखने में हेल्दी लगता है, लेकिन इसमें अतिरिक्त शुगर, कृत्रिम रंग और फ्लेवर शामिल हो सकते हैं। विशेषज्ञ सादे दही या प्लेन योगर्ट को अधिक फायदेमंद मानते हैं। क्योंकि इसमें प्राकृतिक प्रोबायोटिक्स मौजूद होते हैं।

प्रोटीन शेक

जिम जाने वालों के बीच प्रोटीन शेक काफी लोकप्रिय हैं। यह मांसपेशियों की रिकवरी में मदद करते हैं। लेकिन आवश्यकता से अधिक सेवन करने पर अतिरिक्त कैलोरी शरीर में जमा हो सकती है। कई उत्पादों में एडिटिव्स और स्वीटनर भी होते हैं। जिनका अधिक उपयोग नुकसानदायक हो सकता है।

हेल्थ ड्रिंक्स

बाजार में उपलब्ध कई हेल्थ ड्रिंक्स को ऊर्जा बढ़ाने वाला बताया जाता है। लेकिन इनमें शुगर की मात्रा काफी अधिक हो सकती है। नियमित सेवन से वजन बढ़ने और ब्लड शुगर असंतुलन का जोखिम बढ़ सकता है। इसलिए किसी भी हेल्थ ड्रिंक का चयन करने से पहले उसके इंग्रेडिएंट्स को ध्यान से पढ़ना जरूरी है।एक्सपर्ट्स का कहना है कि किसी भी पैकेज्ड खाद्य उत्पाद को केवल उसके विज्ञापन या पैकेजिंग के आधार पर हेल्दी मान लेना सही नहीं है। संतुलित भोजन, नियमित शारीरिक गतिविधि और जागरूक खाद्य चयन ही बेहतर स्वास्थ्य और वजन नियंत्रण का सबसे प्रभावी तरीका है।

---------

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।