कपड़ों के पैसे मांगने पर भड़का विवाद: 25 लोगों ने घर पर बोला धावा; लाठी-डंडों से किया हमला

उत्तरप्रदेश|21 घंटे पहले
25 लोगों ने घर पर बोला धावा; लाठी-डंडों से किया हमला

महराजगंज जिले के सारीपुर गांव में कपड़ों की उधारी को लेकर शुरू हुआ विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि भुगतान को लेकर हुए विवाद के बाद एक पक्ष के 20 से 25 लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर हमला बोल दिया। लाठी-डंडों और ईंटों से हुई मारपीट में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, गांव की निवासी योगिता और सहदेव के बीच कपड़ों के बकाया भुगतान को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि सहदेव ने अपनी बेटी की शादी के लिए योगिता की दुकान से उधार कपड़े खरीदे थे। लंबे समय तक भुगतान नहीं होने पर जब योगिता ने पैसे की मांग की तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर तनाव और गहरा गया।

विवाद ने लिया हिंसक रूप

बताया जाता है कि विवाद के दौरान योगिता ने गांव के निवासी सुरेश से मदद मांगी। सुरेश उन्हें अपनी गाड़ी से कार्यालय ले गए थे। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर सहदेव अपने समर्थकों के साथ सुरेश के घर पहुंच गया। पहले दोनों पक्षों में बहस हुई और फिर मामला हिंसक टकराव में बदल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बड़ी संख्या में लोग लाठी-डंडों और ईंटों के साथ सुरेश के घर पहुंच गए और हमला कर दिया। हमले में सुरेश गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के दौरान गांव में अफरा-तफरी मच गई। लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। आसपास के लोगों ने किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

वायरल वीडियो के बाद तेज हुई कार्रवाई

मारपीट की पूरी घटना मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में कई लोग एक-दूसरे पर हमला करते और ईंट-पत्थर चलाते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

पीड़ित श्रीकृष्ण पुत्र सुखदेव की तहरीर पर पुलिस ने ग्राम प्रधान सहदेव सहित छह नामजद और एक दर्जन से अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।