गोरखपुर में बच्चे की पीट-पीटकर हत्या: चचेरा भाई की भी हालत गंभीर, थाना प्रभारी पर गिरी गाज

उत्तरप्रदेश|13 घंटे पहले
चचेरा भाई की भी हालत गंभीर, थाना प्रभारी पर गिरी गाज

पिपराइच क्षेत्र में पुरानी रंजिश और छेड़खानी के विवाद से जुड़ी हिंसक झड़प में नौ वर्षीय बालक की इलाज के दौरान मौत हो गई। जबकि उसका मौसेरा भाई गंभीर रूप से घायल है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर तीन आरोपितों को अरेस्ट कर लिया है। लापरवाही के आरोप में थाना प्रभारी और हल्का दरोगा को निलंबित कर क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

पिपराइच थाना क्षेत्र के माधोपर बेला चौराहे पर शनिवार देर शाम दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश हिंसक संघर्ष में बदल गई। हमले में नौ वर्षीय सरस सिंह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं उसका मौसेरा भाई 19 वर्षीय शिवकुमार सिंह गंभीर हालत में भर्ती है। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया, जिसके मद्देनजर पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सरस सिंह मूल रूप से एम्स थाना क्षेत्र के अराजी बसडीला गांव निवासी अरविंद सिंह का पुत्र था। मां की पांच वर्ष पहले मृत्यु होने के बाद वह पिपराइच क्षेत्र के गांव में अपनी मौसी के घर रहकर कक्षा चार में पढ़ाई कर रहा था।

छेड़खानी के विवाद के बाद बढ़ी थी रंजिश

परिजनों के अनुसार, कुछ दिन पहले शिवकुमार की बहन, जो कक्षा 11 की छात्रा है, से कथित छेड़खानी को लेकर सिकंदर साहनी और पीड़ित पक्ष के बीच विवाद हुआ था। मामले में गांव की पंचायत ने समझौता करा दिया था, लेकिन दोनों पक्षों के बीच तनाव बना रहा। शनिवार रात सरस और शिवकुमार पान की दुकान की ओर जा रहे थे। आरोप है कि रास्ते में पहले से घात लगाए बैठे लोगों ने दोनों को घेर लिया और लाठी-डंडों, रॉड तथा ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। हमलावरों का निशाना शिवकुमार था, लेकिन बीच-बचाव में सरस गंभीर रूप से घायल हो गया।

आठ नामजद पर केस

राजू सिंह की तहरीर पर पुलिस ने सिकंदर साहनी, हरी, राहुल, संदीप, विकास, रत्नेश्वर, मनोज, रोशन और विजय निवासी बेला सहवा टोला के खिलाफ केस दर्ज किया है। पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में लगातार दबिश दी जा रही है। क्षेत्राधिकारी चौरीचौरा कुंदन सिंह ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट, जानकारों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है।

हल्का दरोगा और थाना प्रभारी पर गिरी गाज

घटना के बाद एसएसपी डॉ. कौस्तुभ ने प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए पिपराइच थाना प्रभारी निरीक्षक विवेक त्रिवेदी और हल्का दरोगा अंजनी तिवारी को निलंबित कर दिया। साथ ही झंगहा थाना प्रभारी अनूप सिंह को पिपराइच थाने का नया प्रभारी नियुक्त किया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।