कुशीनगर में किशोर हत्याकांड में 10 पर केस दर्ज: मारपीट के बाद चाकू से किया था हमला, गांव में सुरक्षा बढ़ी

तमकुहीराज थाना क्षेत्र के चखनी खास (नौकाटोला) गांव में किशोर आदर्श चौहान की चाकू मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। मृतक के पिता की तहरीर पर छह नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। वहीं, फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी है।
पुलिस के अनुसार, शनिवार रात कुछ युवकों ने आदर्श चौहान को पकड़कर उसके साथ मारपीट की। आरोप है कि इसके बाद उसे खेत की ओर ले जाकर पेट में चाकू से हमला किया गया। गंभीर रूप से घायल आदर्श को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तमकुहीराज ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक के पिता चंद्रेश चौहान की तहरीर के आधार पर पुलिस ने छह नामजद और चार अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रंगदारी के आरोप की भी हो रही जांच
मृतक के बड़े भाई का आरोप है कि आदर्श से पहले रंगदारी मांगी जा रही थी। उनके अनुसार, करीब एक सप्ताह पहले परिवार को इसकी जानकारी मिली थी। आरोप है कि रुपये देने से इनकार करने पर आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया। परिजनों ने घटना को कथित रूप से 'महाकाल ग्रुप' से जोड़ते हुए मुख्य आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। हालांकि पुलिस ने फिलहाल किसी भी समूह से आरोपियों के संबंध की पुष्टि नहीं की है।
पुलिस ने कुछ आरोपियों को किया गिरफ्तार
क्षेत्राधिकारी जयंत यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में रंगदारी का पहलू सामने आया है। मामले में कुछ आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। सर्विलांस टीम की मदद से संदिग्धों की तलाश और पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना है कि सभी तथ्यों की जांच निष्पक्ष रूप से की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









