देवरिया में फंदे से लटका मिला युवक का शव: कर्ज को लेकर था परेशान, तनाव के चलते उठाया कदम

देवरिया|1 घंटा पहले
कर्ज को लेकर था परेशान, तनाव के चलते उठाया कदम

गौरीबाजार थाना क्षेत्र के बैतालपुर में रविवार सुबह युवक का शव घर के भीतर रोशनदान से कपड़े के फंदे के सहारे लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना बैतालपुर सब्जी मंडी के समीप की है। सूचना मिलते ही बैतालपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। पुलिस प्रथम दृष्टया मामले को आत्महत्या से जोड़कर देख रही है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही होने की बात कही गई है।

मृतक की पहचान बैतालपुर सब्जी मंडी निवासी अजय बरनवाल के पुत्र रिशु बरनवाल के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, रविवार सुबह जब परिवार के सदस्य कमरे में पहुंचे तो रिशु का शव रोशनदान से कपड़े के फंदे के सहारे लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिवार में कोहराम मच गया। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए और पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

परिजनों से पूछताछ कर रही पुलिस

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि रिशु बरनवाल पर कई लोगों का कर्ज था। आर्थिक तंगी और कर्ज चुकाने की चिंता के कारण वह पिछले कुछ समय से मानसिक तनाव में चल रहा था। फिलहाल पुलिस इसी पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। साथ ही परिजनों और परिचितों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सके।

मामले की जांच कर रही पुलिस

क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत होता है। लेकिन पुलिस सभी संभावित पहलुओं की गहन जांच कर रही है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। जांच में यदि कोई अन्य तथ्य सामने आते हैं तो उसी के अनुरूप आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मृतक के घर पहुंचे और परिजनों को सांत्वना दी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।