तेज रफ्तार टैंकर ने बाइक सवार भाइयों को रौंदा: एक की मौत, हादसे के बाद हाईवे पर लगा जाम

चिल्हिया थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं उसका छोटा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए इस हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। दुर्घटना से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने हाईवे पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाकर स्थिति को नियंत्रित किया और यातायात बहाल कराया। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल टैंकर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार काठेला समय माता क्षेत्र के काठेला गांव निवासी शैलेश (28) पुत्र मंगल प्रसाद अपने छोटे भाई नितेश (22) के साथ मोटरसाइकिल से नौगढ़ से घर लौट रहे थे। जब दोनों भाई चिल्हिया थाना क्षेत्र के महादेव गांव के पास राष्ट्रीय राजमार्ग से गुजर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे इंडियन ऑयल के तेल लदे एक तेज रफ्तार टैंकर ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों भाई सड़क पर जा गिरे। जानकारी के अनुसार दुर्घटना के बाद अनियंत्रित टैंकर का पहिया शैलेश के ऊपर से गुजर गया। जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं पीछे बैठे उनके छोटे भाई नितेश गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग तत्काल सहायता के लिए दौड़ पड़े।
चालक वाहन छोड़कर हुआ फरार
दुर्घटना के तुरंत बाद टैंकर चालक वाहन को बीच सड़क पर छोड़कर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे पकड़ने का प्रयास किया। वह अंधेरे और अफरा-तफरी का फायदा उठाकर भागने में सफल रहा। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण और मृतक के परिजन मौके पर पहुंच गए। सड़क पर युवक की बॉडी देखकर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घायल नितेश भी अपने बड़े भाई को मृत अवस्था में देखकर भावुक हो उठा।
लोगों ने किया विरोध प्रदर्शन
हादसे से नाराज ग्रामीणों और परिजनों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर जाम लगाकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। करीब आधे घंटे तक सड़क पर यातायात पूरी तरह बाधित रहा। दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना पर पहुंची चिल्हिया थाना पुलिस ने लोगों को समझाया। पुलिस ने उचित कार्रवाई का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से बॉडी को अस्पताल पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने शैलेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बॉडी को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घायल नितेश का अस्पताल में इलाज जारी है।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल तेल टैंकर को कब्जे में ले लिया है। फरार चालक की तलाश के लिए अभियान शुरू कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर मिलने के बाद केस दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात नियमों का सख्ती से पालन कराने और भारी वाहनों की रफ्तार पर नियंत्रण लगाने की मांग की है। जिससे भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सके।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









