नॉर्वे चेस में भारतीय खिलाड़ियों की शानदार वापसी: प्रज्ञानानंदा और गुकेश ने दर्ज की जीत, दिव्या खिताबी दौड़ में बरकरार

नॉर्वे चेस 2026 के सातवें राउंड में भारतीय खिलाड़ियों ने दमदार वापसी करते हुए शानदार प्रदर्शन किया। छठे राउंड में निराशाजनक नतीजों के बाद भारतीय ग्रैंडमास्टर्स ने वापसी का जज्बा दिखाया और महत्वपूर्ण अंक अर्जित किए। ओपन वर्ग में आर प्रज्ञानानंदा ने फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा को हराकर अपनी स्थिति मजबूत की। वहीं विश्व चैंपियन डी गुकेश ने अमेरिकी खिलाड़ी वेस्ली सो के खिलाफ टाईब्रेक मुकाबले में जीत दर्ज की। महिला वर्ग में दिव्या देशमुख ने हमवतन कोनेरू हम्पी को मात देकर खिताब की दौड़ में अपनी दावेदारी बरकरार रखी।
भारतीय युवा ग्रैंडमास्टर प्रज्ञानानंदा ने सफेद मोहरों से खेलते हुए फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा के खिलाफ शानदार रणनीति अपनाई। उन्होंने 26वीं चाल के बाद निर्णायक बढ़त हासिल कर ली और मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ उनके कुल नौ अंक हो गए हैं। वे शीर्ष खिलाड़ियों की चुनौती बने हुए हैं। प्रज्ञानानंदा का यह प्रदर्शन भारतीय शतरंज प्रेमियों के लिए उत्साहवर्धक माना जा रहा है।
गुकेश ने टाईब्रेक में दिखाई विश्व चैंपियन वाली मजबूती
विश्व चैंपियन डी. गुकेश क्लासिकल मुकाबले में अमेरिकी ग्रैंडमास्टर वेस्ली सो के खिलाफ जीत के करीब पहुंच गए थे। लेकिन मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ। इसके बाद हुए आर्मागेडन टाईब्रेक में गुकेश ने शानदार खेल दिखाते हुए जीत हासिल की। उन्होंने 1.5 अंक अपने खाते में जोड़ लिए। अब उनके कुल आठ अंक हो गए हैं। हालांकि अंक तालिका में उनकी स्थिति अभी भी चुनौतीपूर्ण बनी हुई है। इस जीत ने उन्हें नई ऊर्जा दी है।
दिव्या की नजरें अब खिताब पर
महिला वर्ग में दिव्या देशमुख ने कोनेरू हम्पी को आर्मागेडन टाईब्रेक में हराकर 10 अंक हासिल किए। दूसरी ओर कजाकिस्तान की बिबिसारा असाउबायेवा 12.5 अंकों के साथ शीर्ष स्थान पर बनी हुई हैं। आगामी राउंड में दिव्या और बिबिसारा के बीच होने वाला मुकाबला टूर्नामेंट की दिशा तय कर सकता है। यह मैच महिला वर्ग के खिताबी समीकरणों के लिए बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ओपन वर्ग में वेस्ली सो 12.5 अंकों के साथ शीर्ष पर कायम हैं। जबकि प्रज्ञानानंदा, मैग्नस कार्लसन और विन्सेंट कीमर 9-9 अंकों के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर मौजूद हैं। टूर्नामेंट के अंतिम चरण में पहुंचने के साथ मुकाबला और भी रोमांचक होता जा रहा है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









