इंडोनेशिया ओपन में सिंधु की शानदार शुरुआत: दूसरे दौर में पहुंचीं, श्रीकांत पहले ही मुकाबले में बाहर

1 घंटा पहले
दूसरे दौर में पहुंचीं, श्रीकांत पहले ही मुकाबले में बाहर

भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पी.वी. सिंधु ने इंडोनेशिया ओपन सुपर-1000 टूर्नामेंट में जीत से आगाज किया। महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर में जगह बना ली है। मंगलवार को खेले गए राउंड ऑफ-32 मुकाबले में सिंधु ने थाईलैंड की बुसानन ओन्गबामरुंगफान को सीधे गेमों में पराजित कर अपनी दावेदारी मजबूत कर दी। वहीं भारतीय चुनौती को उस समय झटका लगा जब पुरुष एकल वर्ग में किदांबी श्रीकांत पहले दौर में हारकर प्रतियोगिता से बाहर हो गए। महिला एकल में मालविका बंसोड़ भी शुरुआती मुकाबला हारने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गईं।

विश्व रैंकिंग में 12वें स्थान पर काबिज सिंधु को मुकाबले के पहले गेम में थाई खिलाड़ी से कड़ी चुनौती मिली। दोनों खिलाड़ियों के बीच लंबी रैलियां देखने को मिलीं और मुकाबला बेहद रोमांचक रहा। हालांकि निर्णायक क्षणों में अनुभव का फायदा उठाते हुए सिंधु ने पहला गेम 25-23 से अपने नाम किया। इसके बाद दूसरे गेम में भारतीय स्टार ने आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया। प्रतिद्वंद्वी को वापसी का मौका नहीं देते हुए 21-16 से जीत दर्ज कर मैच अपने नाम कर लिया। कुल 51 मिनट तक चले इस मुकाबले में सिंधु ने संयम और तकनीकी दक्षता का बेहतरीन प्रदर्शन किया। अब दूसरे दौर में सिंधु का सामना तुर्किये की नेस्लिहान आरिन और दक्षिण कोरिया की विश्व नंबर एक खिलाड़ी आन से-यौंग के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से होगा। ऐसे में अगले दौर में सिंधु के सामने कड़ी चुनौती रहने की संभावना है।

श्रीकांत और मालविका की चुनौती समाप्त

दूसरी ओर पुरुष एकल वर्ग में किदांबी श्रीकांत को निराशा हाथ लगी। जापान के युशी तनाका ने उन्हें सीधे गेमों में 21-19 और 21-15 से हराकर टूर्नामेंट से बाहर कर दिया। यह मुकाबला मात्र 37 मिनट तक चला। वहीं महिला एकल में मालविका बंसोड़ को थाईलैंड की पोर्नपावी चोचुवोंग के खिलाफ 21-12, 21-10 से हार का सामना करना पड़ा।

बैडमिंटन जगत का प्रतिष्ठित टूर्नामेंट

इंडोनेशिया ओपन बैडमिंटन विश्व महासंघ के सबसे प्रतिष्ठित सुपर-1000 टूर्नामेंटों में शामिल है। वर्ष 1982 से आयोजित हो रहे इस टूर्नामेंट में दुनिया के शीर्ष खिलाड़ी भाग लेते हैं। भारतीय बैडमिंटन प्रेमियों की निगाहें अब सिंधु के अगले मुकाबले पर टिकी हैं। जहां उनसे एक और शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।