डीजे पर नाचने को लेकर शादी में बवाल: जमकर भिड़े घराती और बराती, पुलिस ने शांति भंग में की कार्रवाई

चिल्हिया थाना क्षेत्र स्थित निबिहवां गांव में एक शादी समारोह के दौरान डीजे पर नृत्य को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। घटना के दौरान घराती और बरातियों के बीच जमकर धक्का-मुक्की हुई। इससे समारोह स्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मामले का वीडियो भी सामने आया है। इसमें कई लोग एक-दूसरे के साथ हाथापाई करते नजर आ रहे हैं। घटना के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मोहाना थाना क्षेत्र के गोसाईगंज गांव से बारात चिल्हिया थाना क्षेत्र के निबिहवां गांव आई थी। शादी की रस्मों के बीच डीजे पर नृत्य कार्यक्रम चल रहा था। इसी दौरान नाचने को लेकर दोनों पक्षों के कुछ युवकों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। शुरुआत में मामूली लग रहा विवाद कुछ ही देर में उग्र हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते धक्का-मुक्की और मारपीट शुरू हो गई। इससे शादी समारोह का माहौल तनावपूर्ण हो गया।
महिलाओं और बच्चों में मची दहशत
मारपीट की घटना के दौरान समारोह में मौजूद महिलाओं, बच्चों और अन्य मेहमानों में दहशत फैल गई। वायरल वीडियो में कुछ लोग झगड़ा शांत कराने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं। वहीं, अन्य लोग एक-दूसरे पर हमला करते नजर आ रहे हैं। स्थिति बिगड़ती देख स्थानीय लोगों और जिम्मेदार व्यक्तियों ने हस्तक्षेप किया। इसके बाद मामला शांत कराया जा सका।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हुई और मामले की जांच शुरू कर दी। चिल्हिया थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश गुप्ता ने बताया कि बराती पक्ष के रामशंकर गोसाई की तहरीर पर घराती पक्ष के कुछ लोगों के खिलाफ शांति भंग की धाराओं में कार्रवाई की गई है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










