सिद्धार्थनगर में पेट्रोल पंप पर डीजल को लेकर बवाल: पुलिसकर्मी के सामने युवकों की पिटाई, लाइन में गैलन लगाने को लेकर हुआ विवाद

उस्का बाजार थानाक्षेत्र में स्थित महुआ इंडियन पेट्रोल पंप पर डीजल लेने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक झड़प में बदल गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में आठ से 10 लोग दो युवकों को घेरकर बेरहमी से मारते हुए दिखाई दे रहे हैं। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि मौके पर पुलिस मौजूद थी, लेकिन उनके सामने ही मारपीट जारी रही। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार उस्का निवासी सचिन अपने साथी के साथ महुआ स्थित पेट्रोल पंप पर डीजल लेने पहुंचा था। इसी दौरान लाइन में गैलन लगाने को लेकर कुछ लोगों से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। आरोप है कि कुछ ही देर में कई लोग एकजुट होकर सचिन और उसके साथी पर टूट पड़े। उन्हें घेरकर लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीटना शुरू कर दिया।
वायरल वीडियो में दिखी अफरा-तफरी
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दोनों युवक खुद को बचाने की कोशिश कर रहे हैं, जबकि आसपास अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। कुछ लोग तमाशबीन बने खड़े रहे, जबकि कुछ स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश भी की। वीडियो में यह भी दिखाई दे रहा है कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करते नजर नहीं आ रहे हैं। इसी बात को लेकर स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ गई है।

पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
घटना के बाद लोगों का कहना है कि यदि पुलिस मौके पर मौजूद थी, तो मारपीट को तत्काल रोका जाना चाहिए था। स्थानीय नागरिकों का आरोप है कि दबंग किस्म के लोगों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि वे पुलिस की मौजूदगी में भी खुलेआम कानून हाथ में लेने से नहीं डर रहे। घटना ने क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तत्परता पर बहस छेड़ दी है।
शिकायत के आधार पर कार्रवाई की मांग
पीड़ित सचिन ने थाना उस्का बाजार में लिखित शिकायत देकर ‘जज’ नाम के एक व्यक्ति समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस की ओर से इस मामले में आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।
वेबसाइट पर ही पढ़ें








