रायबरेली-अमेठी दौरे में राहुल गांधी का केंद्र सरकार पर तीखा हमला: बोले- ‘देश में कारोबार बंद हो रहे, सरकार सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट में व्यस्त’

उत्तरप्रदेश|9 घंटे पहले
बोले- ‘देश में कारोबार बंद हो रहे, सरकार सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट में व्यस्त’

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अपने दो दिवसीय रायबरेली-अमेठी दौरे के दौरान केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला। रायबरेली में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए, जबकि अमेठी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में देश की आर्थिक स्थिति, बेरोजगारी और उद्योगों के बंद होने को लेकर केंद्र सरकार को घेरा। राहुल गांधी के बयान के बाद प्रदेश की सियासत में हलचल तेज हो गई है।

रायबरेली में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि देश आर्थिक संकट की ओर बढ़ रहा है और आने वाले समय में इसका असर आम लोगों पर दिखाई देगा। उन्होंने कहा कि “जब आरएसएस के लोग आपके सामने आएं तो उनसे पूछिए कि देश की अर्थव्यवस्था को इस हाल तक क्यों पहुंचाया गया। छोटे कारोबार बंद हो रहे हैं, युवाओं को रोजगार नहीं मिल रहा और सरकार सिर्फ प्रचार में लगी हुई है।” उन्होंने कोविड काल और नोटबंदी का जिक्र करते हुए दावा किया कि भविष्य में सरकार को अपनी नीतियों पर जवाब देना पड़ेगा।

अमेठी में मोदी सरकार पर साधा निशाना

रायबरेली के बाद अमेठी पहुंचे राहुल गांधी ने कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में उद्योग और रोजगार के अवसर लगातार कमजोर हो रहे हैं, जबकि सरकार केवल इवेंट आधारित राजनीति में व्यस्त है। उन्होंने इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ प्रधानमंत्री मोदी की मुलाकातों और सोशल मीडिया वीडियो का जिक्र करते हुए कहा कि “देश में आर्थिक चुनौतियां बढ़ रही हैं और सरकार गंभीर फैसले लेने के बजाय प्रचार में अधिक ध्यान दे रही है।” उन्होंने आरोप लगाया कि देश के बड़े उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाया जा रहा है, जबकि आम नागरिक महंगाई और बेरोजगारी से जूझ रहा है। राहुल गांधी ने कहा कि देश की ताकत माने जाने वाले सार्वजनिक उपक्रमों और फैक्ट्रियों को धीरे-धीरे कमजोर किया जा रहा है, जिससे युवाओं के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।

‘अमेठी से परिवार जैसा रिश्ता’

अमेठी में अपने संबोधन के दौरान राहुल गांधी भावुक भी नजर आए। उन्होंने कहा कि अमेठी केवल राजनीतिक क्षेत्र नहीं, बल्कि उनके परिवार की कर्मभूमि है। उन्होंने कहा कि यहां के लोगों ने वर्षों तक उनके परिवार को प्यार और सम्मान दिया है, जिसे वह कभी नहीं भूल सकते। राहुल गांधी ने कहा कि “अमेठी और रायबरेली से हमारा रिश्ता राजनीति से कहीं ज्यादा भावनात्मक और पारिवारिक है।” उन्होंने सांसद किशोरी लाल शर्मा की भी सराहना करते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं और जनता के बीच पार्टी की मजबूत पकड़ लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूती देती है। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार नारेबाजी कर उनका स्वागत किया।

संजय गांधी अस्पताल पहुंचे राहुल

अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी अमेठी स्थित संजय गांधी अस्पताल भी पहुंचे, जहां उन्होंने मरीजों और उनके परिजनों से मुलाकात की। अस्पताल प्रशासन से स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी लेने के साथ उन्होंने लोगों की समस्याएं भी सुनीं। लोकसभा चुनाव 2024 के बाद राहुल गांधी का यह रायबरेली का सातवां दौरा है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि लगातार क्षेत्रीय दौरे के जरिए कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और कार्यकर्ताओं के बीच सक्रियता बढ़ाने की कोशिश कर रही है। राहुल गांधी के इस दौरे और बयानों के बाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।

वेबसाइट पर ही पढ़ें