राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की जांच शुरू: अयोध्या पहुंची एसआईटी की टीम, 15 दिन में सौंपेगी विस्तृत रिपोर्ट

उत्तरप्रदेश|1 घंटा पहले
अयोध्या पहुंची एसआईटी की टीम, 15 दिन में सौंपेगी विस्तृत रिपोर्ट

अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) सोमवार को अयोध्या पहुंच गया। तीन सदस्यीय टीम ने दोपहर बाद मंदिर से जुड़े वित्तीय अभिलेखों, दान पेटिका के रिकॉर्ड और अन्य दस्तावेजों की जांच शुरू कर दी। शासन ने एसआईटी को सात दिनों के भीतर प्रारंभिक रिपोर्ट और 15 दिनों के अंदर विस्तृत जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस संवेदनशील मामले को लेकर पूरे देश की नजरें जांच प्रक्रिया पर टिकी हुई हैं।

सूत्रों के अनुसार एसआईटी मंदिर में प्राप्त दान राशि, उसके लेखा-जोखा, बैंकिंग रिकॉर्ड और संबंधित दस्तावेजों की बारीकी से जांच करेगी। जांच टीम यह भी पता लगाएगी कि दान राशि के प्रबंधन में कहीं वित्तीय अनियमितता या प्रक्रिया संबंधी चूक तो नहीं हुई। शासन स्तर पर मामले को गंभीरता से लिया गया है। पारदर्शी जांच के निर्देश दिए गए हैं।

श्रद्धालुओं ने की कठोर कार्रवाई की मांग

इस बीच मंदिर आने वाले श्रद्धालुओं ने मामले में दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है। श्रद्धालुओं का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े किसी भी संस्थान में वित्तीय गड़बड़ी बर्दाश्त नहीं की जानी चाहिए। जांच रिपोर्ट सार्वजनिक की जानी चाहिए। जिससे लोगों का विश्वास बना रहे।

ट्रस्ट के महासचिव की बिगड़ी तबीयत

उधर, जांच के बीच श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय अस्वस्थ बताए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार उन्हें जुकाम और शुगर बढ़ने की शिकायत है। वहीं ट्रस्ट के सीनियर सदस्य अनिल मिश्रा चिकित्सकीय परामर्श और जांच के लिए केरल गए हुए हैं। हालांकि ट्रस्ट की ओर से कहा गया है कि जांच में हर स्तर पर सहयोग किया जाएगा। अब सभी की निगाहें एसआईटी की रिपोर्ट पर टिकी हैं। जिससे पूरे प्रकरण की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करेंGET IT ON Google Play

अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।