टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले ने की आत्महत्या: घर में फंदे से लटकी मिली बॉडी, मौत से कुछ घंटे पहले पोस्ट की थी रील

घर में फंदे से लटकी मिली बॉडी, मौत से कुछ घंटे पहले पोस्ट की थी रील

टेलीविजन जगत से सोमवार को एक बेहद दुखद खबर सामने आई। लोकप्रिय टीवी अभिनेत्री संचिता उगले ने कथित तौर पर अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मात्र 22 वर्ष की उम्र में उनके निधन की खबर से मनोरंजन जगत और उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई है। पुलिस के अनुसार, संचिता की बॉडी महाराष्ट्र के पालघर स्थित उनके आवास पर कमरे के भीतर सीलिंग फैन से लटकी हुई मिली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि उन्होंने साड़ी का फंदा बनाकर आत्मघाती कदम उठाया।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक सूचना मिलने के बाद टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान किसी प्रकार के संघर्ष या संदिग्ध गतिविधि के संकेत नहीं मिले हैं। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट भी बरामद नहीं हुआ है। बताया गया कि घटना के समय संचिता घर में अकेली थीं। परिजनों ने भी फिलहाल किसी व्यक्ति पर प्रताड़ना या उकसावे का आरोप नहीं लगाया है। पुलिस ने बॉडी को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच जारी है।

इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा किया था वीडियो

संचिता उगले की मौत को लेकर सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि उन्होंने निधन से कुछ घंटे पहले ही अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक रील साझा की थी। वीडियो में वह लोकप्रिय गीत ‘डफली वाले, डफली बजा’ पर लिपसिंक करती दिखाई दे रही थीं। पोस्ट के कैप्शन में उन्होंने लिखा था, “मैं नाचूं, तू नचा।” उनके निधन की खबर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर प्रशंसकों और कलाकारों ने गहरा दुख व्यक्त किया। इंस्टाग्राम पर उनके करीब 1.39 लाख फॉलोअर्स हैं। वह सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय रहती थीं।

टीवी और फिल्मों में बनाई थी अलग पहचान

संचिता उगले ने कम समय में टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बनाई थी। उन्होंने ‘कुमकुम भाग्य’, ‘वागले की दुनिया’, ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ और ‘साजन घर में’ जैसे चर्चित धारावाहिकों में अभिनय किया था। इसके अलावा वह फिल्म ‘छावा’ में ताराबाई की भूमिका में नजर आई थीं। उन्होंने अभिनेता मनोज बाजपेयी के साथ फिल्म ‘साइलेंस-2: द नाइट आउल बार शूटआउट’ में भी काम किया था। उनके असमय निधन से मनोरंजन जगत ने एक उभरती हुई प्रतिभा को खो दिया है।

नव्य जागरण

पूरी खबर पढ़ें ऐप पर

ऐप डाउनलोड करने के लिए QR कोड
ऐप डाउनलोड करने के लिए QR स्कैन करें

अधूरी नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर

ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।