सलवार-सूट पहनकर चोरी करने वाला गैंग पकड़ाया: मां के फिल्मी आइडिया से बना था गिरोह, दो दिन में सभी आरोपी अरेस्ट

शहर में सलवार-सूट और चुनरी पहनकर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर गिरोह का कोतवाली पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने सोमवार को गिरोह के दो सदस्यों को अरेस्ट कर पूरे नेटवर्क का खुलासा किया। जबकि गिरोह के सरगना अरवाज खान को एक दिन पहले ही हिरासत में लिया जा चुका था। जांच में सामने आया है कि गिरोह की कार्यप्रणाली किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं थी। पुलिस के मुताबिक, चोरी के दौरान पहचान छिपाने के लिए आरोपी महिलाओं का वेश धारण करते थे। इसी वजह से कई दिनों तक पुलिस को चकमा देने में सफल रहे।
एसपी सिटी निमिष पाटिल ने बताया कि पूछताछ में सरगना अरवाज खान ने खुलासा किया कि उसे महिलाओं के कपड़े पहनकर चोरी करने का सुझाव उसकी मां ने दिया था। मां का मानना था कि सलवार-सूट और चुनरी पहनने से पुलिस और आम लोगों को शक नहीं होगा। गिरफ्तारी की संभावना भी कम रहेगी। इसके बाद अरवाज ने अपने साथियों रियासत उर्फ इमरान और राशिद खान उर्फ पिद्दी के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देना शुरू कर दिया। अरवाज अपनी मां के सलवार-सूट और चुनरी का इस्तेमाल करता था। उसने अपने बाल भी लंबे कर रखे थे। जिससे वह दूर से महिला जैसा दिखाई देता था।
सीसीटीवी फुटेज से खुला राज
हाल ही में जुबली कमर्शियल कॉम्प्लेक्स स्थित एक दुकान में चोरी की घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आया था। फुटेज में सलवार-सूट पहने संदिग्ध दिखाई दिए थे। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की पहचान की। दो दिनों के भीतर पूरे गिरोह को दबोच लिया।
चोरी का माल और नकदी बरामद
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से 22 हजार रुपये नकद, पांच मोबाइल फोन, नौ चांदी जैसे धातु के सिक्के और एक धातु का कछुआ बरामद किया है। इससे पहले अरवाज खान के पास से 27 हजार रुपये नकद बरामद किए गए थे। आरोपियों ने स्वीकार किया है कि वे अब तक 17 मोबाइल फोन चोरी कर चुके हैं। जिनमें से 12 मोबाइल फेरीवालों को बेच दिए गए।
कई वारदातों का खुलासा
पुलिस के अनुसार, गिरोह ने 11 जून को स्पेयर इंडिया नामक दुकान का शटर तोड़कर चोरी की थी। इसके अलावा 13 जून की रात खुनीपुर क्षेत्र में दो दुकानों को निशाना बनाया गया था। जहां नकदी और चांदी के सिक्कों की चोरी हुई थी। सभी मामलों में केस दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब गिरोह के अन्य संभावित सदस्यों और चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त करने वालों की भी तलाश कर रही है। वहीं, जांच में मां की भूमिका सामने आने के बाद उसे भी मामले में आरोपी बनाए जाने की तैयारी की जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।









