साधु हत्याकांड का मास्टरमाइंड एनकाउंटर में ढेर: एक लाख का इनामी था इसराइल, हत्या के बाद से फरार था आरोपी

उन्नाव जिले में चर्चित साधु राममिलन दास उर्फ बाबा मिलन दास हत्याकांड के मुख्य आरोपी इसराइल को पुलिस ने सोमवार तड़के मुठभेड़ में मार गिराया। एक लाख रुपये के इनामी आरोपी पर हत्या के बाद से पुलिस की कई टीमें लगातार नजर बनाए हुए थीं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने घेराबंदी के दौरान आत्मसमर्पण करने के बजाय फायरिंग शुरू कर दी। जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। बाद में अस्पताल में चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के मुताबिक नौ जून को साधु राममिलन दास की हत्या कर दी गई थी। इस मामले में इसराइल को मुख्य आरोपी बनाया गया था। परिजनों ने आरोप लगाया था कि मंदिर परिसर में लाउडस्पीकर पर भजन-कीर्तन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में साधु पर हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपी फरार हो गया था। जिसके चलते पुलिस ने उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित किया था।
तड़के पुलिस और एसओजी ने की घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक जयप्रकाश सिंह के अनुसार सोमवार सुबह करीब 3:40 बजे सूचना मिली कि आरोपी ताजपुर अंडरपास के पास मौजूद है और किसी व्यक्ति का इंतजार कर रहा है। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और एसओजी टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर क्षेत्र की घेराबंदी कर दी। पुलिस ने आरोपी को आत्मसमर्पण करने का अवसर दिया। लेकिन उसने पुलिस टीम पर गोलीबारी शुरू कर दी। मुठभेड़ के दौरान एसओजी के एक सिपाही विकास भदौरिया घायल हो गए। जबकि एक उप निरीक्षक की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोली लगने से उनकी जान बच गई। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की। जिसमें इसराइल गंभीर रूप से घायल हो गया।
हथियार और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, कारतूस और हत्या में प्रयुक्त चाकू बरामद करने का दावा किया है। घायल आरोपी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
परिजनों ने अन्य आरोपियों पर भी कार्रवाई की मांग की
मुठभेड़ के बाद साधु के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई का स्वागत किया। परिजनों का कहना है कि हत्या सुनियोजित साजिश का हिस्सा थी। मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए। पुलिस का कहना है कि हत्याकांड से जुड़े शेष आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर आगे बढ़ाई जा रही है।
अधूरा नहीं! पूरी खबर पढ़ें नव्य जागरण ऐप पर
ताजा खबरें, लोकल अपडेट और ब्रेकिंग अलर्ट सीधे अपने मोबाइल पर पाएं।










